बोकारो के चास में आईआरबी जवान की गोली मारकर हत्या,छठ की छुट्टी पर आया था घर…
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के चास थाना क्षेत्र के आदर्श कॉलोनी स्थित गाय घाट के पास सोमवार की देर शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आईआरबी (इंडिया रिजर्व बटालियन) के जवान अजय यादव उर्फ सोनू (28 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामूली विवाद के बाद हुई इस वारदात से पूरा इलाका दहशत में है।मृतक समाजसेवी लक्ष्मी नारायण यादव का छोटा पुत्र था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना रात करीब आठ से नौ बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि सोनू और बलराम तिवारी नामक युवक के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी।कुछ देर बाद बलराम अपने साथियों के साथ गाय घाट स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचा, जहां सोनू अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान बलराम ने पिस्टल निकालकर सोनू पर तीन से चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली सोनू के पेट में तीन जगह लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को आनन-फानन में बोकारो जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस के खोखे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
परिजनों ने बताया कि मृतक सोनू आईआरबी में जवान था और उसकी पोस्टिंग गिरिडीह में थी। वह छठ पर्व की छुट्टी पर घर आया हुआ था। हत्या की घटना के विरोध में लाेगों ने सड़क जाम कर दिया है। लोग हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने पूछताछ के लिए दो युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी बलराम तिवारी और उसके साथियों की तलाश में छापेमारी जारी है। चास एसडीपीओ ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी जल्द होगी।
हत्या की खबर फैलते ही इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बीजीएच और मृतक के घर पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने एहतियातन इलाके में गश्त बढ़ा दी है।
जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी बलराम तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। वह कई बार जेल जा चुका है और उसपर पुलिस जवान पर जानलेवा हमला करने का मामला भी दर्ज है।

