साहिबगंज में सेवानिवृत्त शिक्षक की घर में घुसकर निर्मम हत्या, बरामदे में लहूलुहान पड़ा मिला शव,जांच में जुटी है पुलिस..
साहिबगंज।झारखण्ड के साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत जोंका गांव में अज्ञात अपराधियों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक की हत्या कर दी।मृतक की पहचान निर्भय कुमार राय (62 वर्ष) के रूप में हुई है।घटना से गांव में सनसनी फैल गई है।मिली जानकारी के अनुसार निर्भय कुमार राय जोंका गांव में अपने घर में अकेले रहते थे।शनिवार को गांव के ही किसी व्यक्ति की बकरी उनके घर में घुस गई थी।बकरी को बाहर निकालने के दौरान जब उसका मालिक घर के अंदर गया, तो उसने देखा कि बरामदे में निर्भय कुमार राय लहूलुहान हालत में पड़े हुए हैं।यह देख उसने शोर मचाया,जिसके बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा तीनपहाड़ थाना को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडे, एएसआई राजेश कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। इसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर राजमहल पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के पुत्र चंद्रशेखर राय भी घर पहुंचे।वे वर्तमान में साहिबगंज जिला पुलिस में कार्यरत हैं। उन्होंने मामले की के लिए खोजी कुत्ते की मदद से जांच कराने की मांग की। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों और आगे की कार्रवाई को लेकर कुछ स्पष्ट हो सकेगा।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

