कोडरमा में विस्फोटक से बच्चा गंभीर रूप से घायल…जमीन में छिपाकर रखा था विस्फोटक… जांच में जुटी है पुलिस..
कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के कोडरमा थाना क्षेत्र के सलैया गांव में बुधवार देर शाम एक बच्चा विस्फोटक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे की पहचान 14 वर्षीय त्रिलोकी उर्फ लव कुश दास, पिता बिरजू दास के रूप में हुई है।बच्चे के पिता बिरजू दास ने बताया कि त्रिलोकी बुधवार को परिवार के साथ जानवर चराने गांव से सटे खेतों की ओर गया था। जानवर चराने के बाद जब वह घर लौट रहा था, तभी खेतों में रखे एक विस्फोटक पर उसका पैर पड़ गया।पैर पड़ते ही विस्फोटक फट गया, जिससे बच्चा दूर जा गिरा और उसके पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। धमाके की आवाज सुनकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे को तुरंत स्वास्थ्य उपचार केंद्र ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। बिरजू दास के अनुसार, सलैया गांव से सटे जंगल में घूमने वाले जानवरों को मारने के लिए कुछ लोग मिट्टी खोदकर जमीन के नीचे कपड़े में बांधकर विस्फोटक रखते हैं। उनका बच्चा इसी की चपेट में आ गया।
यह पहली घटना नहीं है। कुछ महीने पहले भी ऐसी ही एक घटना हुई थी, जब एक गाय ने मिट्टी में छिपे विस्फोटक को मुंह में ले लिया था। वह विस्फोटक गाय के मुंह में ही फट गया था, जिससे गाय बुरी तरह घायल हो गई थी।
पीड़ित परिवार ने प्रशासन से इस पूरे मामले पर कार्रवाई की मांग की है। कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गए हैं और यह पता लगा रहे हैं कि उक्त स्थल पर किसके द्वारा विस्फोटक रखा जा रहा था।

