झारखण्ड में 49 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि के साथ 775 पहुँचा संक्रमितों का आंकड़ा

राँची। झारखण्ड में कोरोना का कहर बढ़ता जा रहा है।आज 3 जून बुधवार को राज्य के 12 जिले में 49 कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। राज्य में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 775 हो गया है। हालांकि सरकार द्वारा जारी डाटा के अनुसार राज्य में फिलहाल कोरोना संक्रमण के 450 सक्रिय मामले हैं। जबकि 320 लोग कोरोना महामारी को मात देकर अस्पताल से अपने घर लौट चुके हैं। वहीं इस महामारी के चपेट में आकर अबतक राज्य के 5 लोग अपनी जान गवां चुके हैं। आज रात 9 बजे का आंकड़ा सिमडेगा जिले से 8, पलामू जिला से 6, लातेहार से 3, कोडरमा जिला से 1, रामगढ़ जिला से 5, राँची से 1, बोकारो जिला से 1, गुमला जिला से 1, चाईबासा जिला 1, जमशेदपुर(पूर्वी सिंहभूम) जिला से 12, हजारीबाग जिला से 1 और सरायकेला जिला से 9 नए कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।

सिमडेगा 8 संक्रमितों में 6 पुरुष और 2 महिला है। बता दें कि इन 8 लोगों में से 5 व्यक्ति कुरडेग के एवं व्यक्ति बानो प्रखंड के हैं। सभी 8 लोगों को जिला प्रशासन ने क्वारंटाइन केंद्र में रखा था।
वहीं राँची के कोकर से मिला 30 वर्षीय संक्रमित मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई की है। वह बीते 26 मई को मुंबई से राँची आया था और अपने घर पर होम क्वारंटाइन में था।

बेरमो अनुमंडल के गोमिया स्थित पोस्ट ऑफिस मोड़ के समीप होटल व्हाइट स्टार में ठहरे एक अन्य व्यक्ति की जांच रिपोर्ट बुधवार को मिली, जो पॉजिटिव है। कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति को बेरमो एसडीएम नीतीश कुमार सिंह, सीओ ओमप्रकाश मंडल, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ हालेन बारला की उपस्थिति में बोकारो के बीजीएच भेजा गया।