धनबाद के बाघमारा महिला थाना में जयराम महतो की पार्टी की महिला नेत्री को थाना प्रभारी ने जड़ा थप्पड़, जमकर हुआ हंगामा

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के कतरास एनएच 32 आकाशकिनारी समीप स्थित बाघमारा महिला थाना में रविवार की रात जमकर हंगामा हुआ। युवक-युवती मामले को लेकर जयराम महतो की जेएलकेएम पार्टी के जिला अध्यक्ष भारती महतो महिला थाना पहुंची थी। युवक-युवती के मामले को लेकर जेएलकेएम नेता और महिला थाना प्रभारी वर्षा कुमारी के बीच बहस हो गई और देखते ही देखते महिला थाना प्रभारी द्वारा उनको अचानक थप्पड़ जड़ दिया गया।

इस पर जेएलकेएम नेता ने भी महिला थाना प्रभारी को थप्पड़ मार दिया।जिसके बाद बवाल बढ़ गया।सूचना मिलने पर कतरास थाना प्रभारी असित कुमार महिला थाना पहुंचे और जेएलकेएम समर्थकों से बातचीत कर मामला शांत कराया।

जेएलकेएम महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष भारती महतो ने बताया कि लड़की की मां और भाभी को थाना बुलाकर सुबह से बैठाकर रखा गया था।जबकि लड़के और उसके परिवार को महिला थाना प्रभारी द्वारा सुबह ही छोड़ दिया गया था।इसके बारे में पूछे जाने पर महिला थाना प्रभारी आग बबूला हो गई।इसके बाद महिला पुलिसकर्मियों को बुलाकर थाने से बाहर कर दिया गया। इसी बीच नोंकझोंक होने लगी।इस दौरान महिला थाना प्रभारी वर्षा कुमारी ने थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद महिला मोर्चा की अध्यक्ष भारती महतो ने भी थाना प्रभारी वर्षा कुमारी को थप्पड़ मार दिया।

जेएलकेएम महिला मोर्चा के जिला अध्यक्ष ने बताया कि किसी भी तरह की घटना होने पर व्यक्ति को सबसे पहले थाना आने का अधिकार है ना कि कोर्ट जाने का।अगर एक महिला पुलिस एक महिला के साथ इस तरह का व्यवहार करेगी तो जनता का भरोसा पुलिस प्रशासन के ऊपर से उठ जाएगा।

इधर, जिला अध्यक्ष को थप्पड़ मारने की खबर फैलते ही जेएलकेएम के दर्जनों कार्यकर्ता महिला थाने पहुंच गए।घटना की जानकारी डुमरी विधायक जयराम महतो को भी दी गई, लेकिन जिले से बाहर होने के कारण जयराम महतो समय पर नहीं पहुंच पाए।इधर, घटना की सूचना मिलने ही कतरास थाना प्रभारी असित कुमार सिंह ने महिला थाना पहुंचकर लोगों को समझाया बुझाया।उधर, महिला थाना प्रभारी वर्षा कुमारी ने इस मामले में कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया।

error: Content is protected !!