खूंटी पुलिस ने उत्तरप्रदेश के 2 अफीम तस्कर को किया गिरफ्तार, लगभग डेढ़ करोड़ का डोडा बरामद…
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी पुलिस ने अवैध अफीम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश के दो तस्कर को गिरफ्तार किया है। तस्करों से पुलिस ने लगभग एक हजार किलो डोडा जब्त किया है। जिसका बाजार मूल्य लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपए बताया गया है।पुलिस को चकमा देने के लिए तस्करों ने ट्रक पर मुढ़ी लोड कर रखा था।गिरफ्तार तस्करों में यूपी के बरेली जिला से जितेंद्र पाल उर्फ अनिल कुमार और आकाश शामिल हैं। ट्रक पर से 40 बोरा अवैध डोडा, एक मोबाइल और 40 बोरा मुढ़ी बरामद किया गया है।
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि सूचना मिली थी कि यूपी नंबर का एक ट्रक अवैध डोडा लोड कर मारंगडीह से सेरेंगहातु की तरफ जा रहा है।सूचना पर एसपी ने डीएसपी रजक को कार्रवाई करने का निर्देश दिया। डीएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसएसबी और अड़की पुलिस की एक जॉइंट टीम बनाई और मुख्य सड़क पर बैरिकेडिंग लगाकर चेकिंग की इसी दौरान तड़के सुबह एक ट्रक चेकिंग स्थल की तरफ आते दिखाई दिया, जिसे रोकने का इशारा किया गया।छापेमारी दल को देखते ही ट्रक को रोक कर दो व्यक्ति ट्रक से उतर कर भागने लगे।
ट्रक से उतरकर भागता देख थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी और जवानों ने दोनों को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गिरफ्तार तस्करों ने पुलिस को बताया कि अड़की इलाके के एक किसान से डोडा खरीद कर यूपी ले जा रहा था। पुलिस कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर थाने ले गई। कानूनी प्रक्रिया के तहत दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। तस्करों के बयान के आधार पर पुलिस छापेमारी कर रही है।
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि तस्कर को अड़की इलाके से लगभग डेढ़ करोड़ मूल्य के डोडा की तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने बताया कि मुढ़ी की आड़ में डोडा की तस्करी की जा रही थी। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के खिलाफ अड़की थाना कांड संख्या 42/25, धारा-15(C)/22/25 NDPS Act-1985 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। बता दें कि 13 जून को अड़की इलाके में ही डेढ़ करोड़ मूल्य का डोडा बरामद किया गया था

