अनपढ़ दूल्हा:इधर बारात निकलने की तैयारी,उधर युवती ने अनपढ़ युवक से शादी करने से इंकार कर दी

झारखण्ड न्यूज, राँची।

गढ़वा।पढ़ी लिखी बेटियों को समझ आ गया है कि अनपढ़ के साथ कैसे रहेंगे।पढ़िये ये रिपोर्ट,झारखण्ड के गढ़वा जिले के सगमा गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। दरअसल शिक्षित लड़की के भाई ने अनपढ़ लड़का से शादी तय कर बड़े धूमधाम से 5 मई को तिलक समारोह कार्यक्रम सम्पन्न कराया। आठ मई को बरात जाने वाली थी। इस बीच लड़की को पता चला कि लड़का अनपढ़ है तो लड़की ने शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की के पिता नहीं रहने के कारण लड़की की सगे भाई ने शादी तय की थी।

मिली जानकारी के अनुसार सगमा निवासी विनोद प्रजापति के पुत्र अरविंद प्रजापति की शादी डंडई थाना क्षेत्र के लवाही गांव में स्व. नन्हकू प्रजापति की पुत्री गुड्डी कुमारी के साथ गत फरवरी महीने में तय हुई थी। गत 5 मई को दूल्हा का धूमधाम से तिलक समारोह कार्यक्रम हुआ। 8 मई को अरविंद की शादी की बारात डंडई जाने वाली थी। मगर बारात जाने से पूर्व ही दुल्हन के परिजनों ने दूल्हा से शादी करने से इनकार कर दिया। जबकि दूल्हा के साथ बारात निकलने की सारी तैयारी पूरी कर ली गई थी।बताया जाता है कि बारात जाने से पूर्व दुल्हन पक्ष के परिजन दूल्हा पक्ष के घर पर पहुंच कर शादी करने से मना करते हुए दहेज में दिए हुए सामान वापस लौटाने को कहा। जिस पर दूल्हा पक्ष के अनुरोध पर गांव के गणमान्य लोगों एवं पंचायत प्रधान की उपस्थिति में पंचायती हुई, लेकिन बात नहीं बनी। दुल्हन के घर वालों का कहना था कि जब बेटी ही शादी करने से इनकार कर रही है तो ऐसे में हम लोग क्या कर सकते हैं। इधर शनिवार को वर पक्ष के यहां बारातियों को बारात जाने के लिए रिजर्व किये गये बाराती वाहन, बैंड बाजा द्वार पर पहुंच चुका था। लेकिन बारात नहीं निकलने के कारण सभी वापस लौट गए।इधर दूल्हे के पिता विनोद प्रजापति ने बताया कि मेरा बेटा अनपढ़ है। जबकि लड़की इंटर पास थी। इसकी जानकारी लड़की के परिजनों को थी। लड़की के परिजन के मर्जी से शादी तय कर शादी की सारी रस्म पूरी कर बारात जाने की तैयारी थी। इसी बीच लड़की के स्वजनों ने शादी करने से इनकार कर दिया ।उन्होंने बताया कि गांव के गणमान्य लोग एवं पंचायत प्रधान की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच शनिवार की रात लगभग पांच घंटे तक बात चली। मगर बात नहीं बनी। लड़की द्वारा कहा जा रहा है कि वह शादी वहां नहीं करेगी। उधर विनोद प्रजापति के घर से बारात नहीं जाने से मायूसी छाई हुई है।

साभार:डीजे