सिंगापुर से दो साल बाद लौटा पति… फिर ऐसा क्या हुआ कि पत्नी ने कर ली आ’त्महत्या

जमशेदपुर।जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के आल्मंड ब्लाक स्थित आस्था ट्विन सिटी अपार्टमेंट में गुरुवार को एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान 38 वर्षीय बरखा अग्रवाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कालेज भेज दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, जब बरखा के पति से आत्महत्या के कारण के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इंकार कर दिया।

पति सिंगापुर में कार्यरत, छुट्टी पर आए थे घर

बरखा अग्रवाल की शादी वर्ष 2010 में मुकेश अग्रवाल से हुई थी। उनके पति पिछले दो वर्षों से सिंगापुर में कार्यरत हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे। बरखा अपने दो बच्चों के साथ जमशेदपुर में रहती थीं। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात उन्होंने साड़ी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

भाई ने लगाया ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

मृतका के भाई वरुण अग्रवाल ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी ससुराल पक्ष से दी गई थी। वे घाटशिला में रहते हैं और सूचना मिलते ही एक घंटे के भीतर मर्सी अस्पताल पहुंचे। वरुण ने आरोप लगाया कि जब वे अस्पताल पहुंचे, तब बरखा के ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य वहां मौजूद नहीं था।

बेटे ने दी घटना की जानकारी

परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर पर कोई नहीं था। बरखा के बेटे ने ही परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद पड़ोसी और जेठानी की मदद से शव को नीचे उतारा गया और मर्सी अस्पताल ले जाया गया। बाद में मायके पक्ष शव को एमजीएम अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने बरखा को मृत घोषित कर दिया।

मायके पक्ष ने प्रताड़ना का आरोप लगाया :
मृतका के मायके पक्ष का आरोप है कि बरखा को ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करनी पड़ी। उनका कहना है कि बरखा के साथ कुछ अनहोनी हुई है, जिसे ससुराल पक्ष छिपाने की कोशिश कर रहा है। बताया गया कि बरखा के ससुराल वाले उसी अपार्टमेंट परिसर की दूसरी इमारत में रहते हैं।

error: Content is protected !!