नई दिल्ली से विशेष राजधानी एक्सप्रेस पहुंची राँची रेलवे स्टेशन, स्क्रीनिंग के बाद रांची जिले के यात्रियों को किया गया होम क्वॉरेंटाइन

राँची। देश की राजधानी नई दिल्ली से विशेष राजधानी एक्सप्रेस आज दिनांक 14 मई 2020 को रांची रेलवे स्टेशन पहुंची। करीब 2 महीने के बाद यह पहला मौका था, जब नई दिल्ली से कोई ट्रेन रांची रेलवे स्टेशन पहुंची हो। स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई थी, उपायुक्त रांची के निर्देशानुसार जिले के अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस अधिकारी भी रेलवे स्टेशन पर पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे ।

स्टेशन पर की गई यात्रियों की स्क्रीनिंग

नई दिल्ली से विशेष राजधानी एक्सप्रेस से रांची आने वाले यात्रियों की स्टेशन परिसर में ही स्क्रीनिंग की गई। सभी यात्रियों को बारी-बारी से बोगियों से उतरने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद मेडिकल टीम ने यात्रियों को सैनिटाइजर दिया और उनकी थर्मल स्क्रीनिंग की गई। थर्मल स्क्रीनिंग में बॉडी टेंपरेचर नॉर्मल आने के बाद रांची जिले के यात्रियों के हाथ में होम क्वॉरेंटाइन का मुहर लगाया गया। जबकि दूसरे जिले के यात्रियों के थर्मल स्क्रीनिंग में बॉडी टेंपरेचर नॉरमल आने के बाद उन्हें संबंधित जिला जाने को कहा गया, संबंधित जिला में पहुंचने पर उन यात्रियों की फिर से स्क्रीनिंग कराई जाएगी।

सोशल डिस्टेंसिंग का किया गया अनुपालन

रांची रेलवे स्टेशन पर यात्री जब विशेष राजधानी एक्सप्रेस से उतरे तब सभी सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन कर आगे बढ़ रहे थे। प्लेटफार्म पर लाल घेरे बनाए गए थे, जिस पर यात्री धीरे-धीरे मेडिकल काउंटर तक पहुंच रहे थे और उनकी थर्मल स्क्रीनिंग हो रही थी। इस दौरान उप विकास आयुक्त रांची, एसडीओ रांची, एसडीओ बुंडू, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी सहित वरीय पुलिस अधीक्षक रांची और सिटी एसपी रांची पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए थे।

दूसरे जिले के यात्रियों के परिवहन हेतु पेड सर्विस की व्यवस्था

विशेष राजधानी एक्सप्रेस से रांची पहुंचे दूसरे जिले के यात्रियों के लिए संबंधित जिला जाने के लिए परिवहन हेतु पेड सर्विस की भी व्यवस्था की गई थी। यात्री किराया देकर संबंधित जिला को रवाना हुए इस दौरान कई यात्रियों ने अपने निजी वाहन का भी इस्तेमाल किया।