हजारीबाग:बंधक बनाकर व्यवसायी के घर में भीषण डकैती, बंदूक की नोक पर 6 लाख कैश और जेवर की लूट,जांच में जुटी पुलिस…
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं।जिन्हें अब कानून का भी डर नहीं है। आलम यह है कि अपराधी बंधक बनाकर परिवारजनों की पिटाई भी कर रहे हैं और बंदूक की नोक पर लूटपाट कर फरार हो जा रहे हैं।ताजी घटना हजारीबाग के बरकट्ठा के गोरहर थाना क्षेत्र में सीमेंट व्यवसायी सुनील कुमार पांडेय के साथ हुई है।बीती रात अपराधियों ने सीमेंट व्यापारी सुनील कुमार पांडेय के घर और दुकान में डकैती की घटना को अंजाम दिया है। अपराधियों ने पहले सुनील कुमार पांडेय और उनके परिवार वालों को बंधक बना लिया और फिर बंदूक की बट से मार कर घायल कर दिया।घर में रखे लगभग 6 लाख रुपये और जेवर लूट कर फरार हो गए।
सीमेंट व्यवसायी सुनील कुमार पांडेय ने बताया कि रात में छह नकाबपोश अपराधी कार और बाइक से ‘सूर्यकुंड ट्रेडर्स’ दुकान में पहुंचे और उन्हें बंधक बना लिया।अपराधियों ने उन्हें हथियार के बल पर दुकान के ऊपरी तल में ले जाकर हाथ-पैर बांध दिए और बेटे सुमित पांडेय को भी बंदूक की बट से मारकर घायल कर दिया।इसके बाद अपराधी घर में घुसकर नकदी और गहनों की लूटपाट कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, बरकट्ठा अंचल निरीक्षक इमदाद अंसारी और गोरहर थाना प्रभारी नीतीश कुमार मौके पर पहुंचे।घायल परिवार का इलाज सीएचसी बरकट्ठा में कराया गया।
इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।मामले को लेकर बरही एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि यह काफी संवेदनशील मामला है।पुलिस जांच में जुट गई है।आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से अपराधियों की पहचान की जा रही है।जल्द ही अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष और पूर्व विधायक जानकी यादव ने घटना पर दुख जाहिर किया है और कहा कि अपराधी को पकड़ना पुलिस की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। जल्द से जल्द पीड़ित को न्याय मिले इसे लेकर पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार करे।आगे अपराध न हो इसे लेकर पुलिस को कार्रवाई करने की आवश्यकता है।

