गिरिडीह:ट्रक ड्राइवर की लाश जीटी रोड किनारे झाड़ियों से मिली, हत्या की आशंका,जांच में जुटी है पुलिस,

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में मंगलवार को जीटी रोड किनारे संतरूपी जंगल की झाड़ियों से एक शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया जिले के निवासी 36 वर्षीय धीरज यादव के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर थे।

सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) बगोदर-सरिया धनंजय राम और थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने घटनास्थल की घेराबंदी कर सघन जांच शुरू की।

थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि धीरज यादव रानीगंज से बनारस के लिए ट्रक में सरिया (छड़) लोड कर रवाना हुए थे। पुलिस को सड़क किनारे जंगल की झाड़ियों में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर उसे कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने मृतक का ट्रक भी बरामद किया है, जिसमें लोड सरिया भी मौजूद था। थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर चोट के निशान भी मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या ट्रक में लदे सरिया को लूटने की मंशा से हत्या की गई है या फिर यह घटना किसी व्यक्तिगत दुश्मनी का परिणाम है।स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने झाड़ियों के पास खून के निशान देखे थे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधिकारियों ने आश्वस्त किया है कि घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

error: Content is protected !!