गिरिडीह:तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकरायी,राँची के एक युवक की मौत,चालक गंभीर
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में डुमरी-गिरिडीह पथ पर मधुबन थाना क्षेत्र के लटकटो पिकेट के समीप गुरुवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरातफरी मच गयी।इस दुर्घटना में स्कॉर्पियो सवार राँची निवासी 42 वर्षीय रवि कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।वहीं वाहन चला रहे 45 वर्षीय राजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए राँची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद रवि कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से दोनों को वाहन से बाहर निकाला।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

