प्यार में मिला धोखा,प्रेमिका ने प्रेमी को भेजवाया जेल;कोर्ट की पहल पर दोनों की न्यायालय परिसर स्थित मंदिर में हुई शादी,अब प्रेमी को मिलेगा बेल…

झारखण्ड न्यूज,राँची

पटना।बिहार के औरंगाबाद में प्यार, धोखा फिर जेल के बाद अब शादी की अजब मामला सामने आया है। जिसमें लड़का और लड़की की शादी औरंगाबाद व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित मंदिर में संपन्न हुई। फर्क सिर्फ इतना है कि यह शादी अदालती आदेश पर हुई और दूल्हे को बिना बैंड बाजा और बाराती के जेल से लेकर मंदिर तक औरंगाबाद मंडल कारा की पुलिस लेकर आई। यही नहीं शादी के बाद दुल्हन तो ससुराल चली गई लेकिन दूल्हा दुल्हन के साथ जाने के बजाय जेल गया।

क्या है ये प्रेम कहानी

बताया जा रहा है कि बिहार के औरंगाबाद के बारूण प्रखंड के सुंदरगंज गांव की सपना पटना में रहकर पढ़ाई करती थी। इसी दौरान वो वहीं पर पढ़ाई करने वाले बारूण के ही जनकोप के राजकुमार को दिल दे बैठी। दोनों ने साथ जीने मरने की कसमें भी खाईं और दोनो एक-दूजे के हो गये।प्रेम कहानी के बाद अक्सर जो होता है,वही हुआ और प्रेमी आखिरकार शादी से इनकार कर गया। इनकार को इकरार में बदलवाने के लिए प्रेमिका ने बारूण थाने की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने सपना की बात को सुना और उनके साथ पूरी हमदर्दी दिखाई और मामला दर्ज कर लिया। यही नहीं पुलिस ने सपना के राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। अब कोर्ट कचहरी का चक्कर शुरू हुआ।

इधर प्रेमी ने जमानत फाइल की तो कोर्ट ने रिजेक्ट कर दिया। प्रेमी को महसूस होने लगा कि अब जिंदगी जेल की चक्की पीसते ही कटेगी। उसके जीवन के सारे सपने टूटते दिखाई देने लगे। फिर हमदर्दों ने सलाह दी कि जिस सपना के कारण उसकी जिंदगी के सपने टूट रहे है, उसे अपना बनाकर उसे दिए धोखे की भरपाई कर लो। राजकुमार राजी हो गया और उसने जेल से ही औरंगाबाद व्यवहार न्यायालय के न्यायाधीश ओमप्रकाश सिंह की अदालत में सपना को अपना बनाने की रजामंदी की अर्जी दे दी।

अब शादी के बाद सपना गईं ससुराल, पर राजकुमार को है बेल का इंतजार

इस मामले में कोर्ट ने जब सपना की राय मांगी तो उसकी शादी की उम्मीदों को पंख लग गए और वह भी राजी हो गई। सपना और राजकुमार दोनों की रजामंदी के बाद अदालत ने शादी की तारीख शनिवार 4 दिसम्बर तय की और स्थान कोर्ट परिसर का मंदिर। अदालती आदेश पर तय स्थान पर दोनों की बिना बैंड बाजा, बारात के शादी हुई। अब सपना को अपने सपनों के राजकुमार का साथ मिल गया। हालांकि, वास्तविक जीवन का सफर शुरू करने के लिए कोर्ट की अगली तारीख पर अपने दूल्हे के लिए बेल मिलने का इंतजार है।वहीं इस शादी से प्रेमी प्रेमिका खुश हैं अब दूल्हा के बाहर आने का इंतजार दुल्हन को है।दोनों के निर्णय से लोग भी खुश हैं।