कोयला ट्रांसपोर्टिंग में वर्चस्व को लेकर फायरिंग,दो हिरासत में,घटनास्थल से जिंदा कारतूस और खोखा बरामद
धनबाद।झारखण्ड में धनबाद जिले के गोन्दुडीह ओपी क्षेत्र स्थित भोलानाथ बसेरिया में गुरुवार को दिनदहाड़े फायरिंग हुई। बाइक सवार अपराधियों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग में वर्चस्व को लेकर इस घटना को अंजाम दिया।जानकारी के अनुसार, कोयला ट्रांसपोर्टिंग और रंगदारी को लेकर दो गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। इसी विवाद के चलते भोलानाथ बसेरिया ग्राउंड के पास अज्ञात बाइक सवारों ने लगभग पांच राउंड गोलीबारी की। हालांकि, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।घटना की सूचना मिलते ही गोन्दुडीह ओपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमलावरों को खदेड़ दिया और घटनास्थल से जिंदा कारतूस तथा खोखा बरामद किया। इस मामले में दो लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।बताया जा रहा है कि यह मामला कुसुंडा क्षेत्र में कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम करने वाली प्रगति इंडियन रोड लाइन से संबंधित है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल पर कैंप कर रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है।गोन्दुडीह ओपी प्रभारी राजन झा ने मौके पर पहुंचकर बताया कि फायरिंग की इस घटना में शामिल अपराधियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

