सारंडा में भीषण मुठभेड़,नक्सलियों के हताहत होने की खबर, घायल अफसर-जवान का दिल्ली में होगा इलाज..
राँची।झारखण्ड पश्चिमी सिंहभूम जिले में सारंडा के जंगलों में रविवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कई नक्सलियों के हताहत होने की सूचना है। झारखण्ड पुलिस के आईजी ऑपरेशन ने बताया कि मुठभेड़ में कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना है।वहीं मुठभेड़ में घायल हुए कोबरा के हेड कांस्टेबल और आईईडी ब्लास्ट में घायल हुए असिस्टेंट कमांडेंट को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया है।
सारंडा के घने जंगलों में रविवार तड़के सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी की अनुसार छोटानागरा और जराईकेला थाना क्षेत्र में सुबह करीब पांच बजे शुरू हुए कॉम्बिंग ऑपरेशन के दौरान सबसे पहले नक्सलियों ने आईईडी विस्फोट किया।जिसमें कोबरा के असिस्टेंट कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए।आनन-फानन में असिस्टेंट कमांडेंट को बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर राँची लाया गया।
इसी बीच नक्सलियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें कोबरा के हेड कांस्टेबल विक्रम यादव घायल हो गए। घायल हेड कांस्टेबल को भी तत्काल एयरलिफ्ट कर राँची के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।घायल अधिकारी और जवान को देखने के लिए आईजी अभियान झारखण्ड और सीआरपीएफ आईजी अस्पताल पहुंचे।झारखण्ड पुलिस के आईजी अभियान डॉक्टर माइकल राज ने बताया कि घायलों को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली शिफ्ट किया जा रहा है।
आईजी अभियान डॉ. माइकल राज ने बताया कि पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में कई नक्सली हताहत हुए हैं। इलाके में पुलिस के द्वारा सर्च अभियान चलाया जा रहा है। फिलहाल अब तक किसी भी नक्सली की बॉडी नहीं मिल पायी है।
बताया जाता है कि सारंडा जंगल, जो नक्सलियों का प्रमुख गढ़ माना जाता है, यहां कोबरा (कमांडो बटालियन फॉर रेसोल्यूट एक्शन) और अन्य सुरक्षाबल रविवार की सुबह सटीक सूचना पर कांबिंग के लिए निकले थे। नक्सलियों ने अचानक घात लगाकर हमला बोला, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ कार्रवाई की।इसी बीच मरांगपोंगा क्षेत्र में जमीन के अंदर लगाए गए आईईडी पर जवानों के चलने के दौरान धमाका हुआ। जिसमें सहायक कमांडेंट अजय मलिक घायल हो गए। विस्फोट के बाद नक्सली ने पुलिस पर फायरिंग कर दी जिसमें हेड कांस्टेबल विक्रम यादव घायल हुए। बताया जा रहा है कि पुलिस और नक्सलियों के बीच में मुठभेड़ में कई नक्सली मारे गए हैं और उनके हथियार भी बरामद किए गए हैं हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

