फेसबुक,प्यार,शादी और धोखा:रेलवे स्टेशन पर पत्नी को छोड़कर पति फरार

झारखण्ड न्यूज,राँची।

पटना/बक्सर।प्यार में धोखा!जी हां,ऐसे ही एक मामला सामने आई है।जहाँ फेसबुक पर प्यार हुआ और देखते ही देखते यह प्यार शादी तक पहुंच गया। दोनों ने शादी भी कर ली। लेकिन शादी करने के बाद पति मारपीट करने लगा। और फिर बुधवार को पत्नी को बक्सर रेलवे स्टेशन पर छोड़कर पति फरार हो गया।जब घंटों रेलवे स्टेशन पर बैठी महिला पति के आने का इंतजार करती रही। लेकिन उसका पति लौटकर वापस नहीं आया। बाद में बक्सर रेलवे स्टेशन पर भटकती हुई युवती ने मीडिया कर्मियों के सामने अपनी व्यथा रखी। जिसके बाद प्लेटफार्म पर मौजूद पुलिसकर्मियों की मदद से उसे बक्सर स्टेशन स्थित राजकीय रेल पुलिस थाना भेजा गया। जहां महिला को खाना खिलाने के बाद उसके ससुराल बैरिया, उत्तर प्रदेश भिजवा दिया गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, उतर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के मिर्जापुर के रहने वाले विवेक वर्मा नामक व्यक्ति से शादी करने वाली और मूल रूप से यूपी के कुशीनगर थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव की रहने वाली महिला प्रगति सिंह ने बताया कि वह तलाकशुदा थी। फेसबुक पर उसकी पहचान विवेक वर्मा नामक व्यक्ति से हुई थी। जान-पहचान के बाद दोनों के बीच नंबरों का आदान-प्रदान हुआ, जिसके बाद दोनों ने बातचीत शुरू कर दी। बातचीत कब प्रेम में बदल गई, पता ही नहीं चला। बाद में दोनों ने लव मैरिज कर ली। फिर पति उसे लेकर पुणे चला गया।

पीड़िता ने बताया कि पुणे में विवेक एक निजी फैक्ट्री में नौकरी करने लगे। इसी बीच लॉकडाउन लग जाने की वजह से वे लोग गांव लौटे लेकिन, पुणे-पटना एक्सप्रेस से बक्सर रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के बाद उनके पति स्टेशन पर ही उसे छोड़कर गायब हो गए। पत्नी ने बताया कि जब कई घंटे बीत जाने के बावजूद जब उनके पति नहीं लौटे तब उसने अपने पति को फोन किया। पति ने कॉल रिसीव की और उसे अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया।

पुलिस ने पीड़िता को उसके ससुराल भिजवा दिया:
इसी बीच भटकती युवती पर मीडिया कर्मियों की नजर पड़ी तो पूछताछ की तब महिला ने अपनी सारी व्यथा बताई। बाद में मीडिया कर्मियों के सहयोग से उसे बक्सर राजकीय रेल थाना पहुंचाया गया और थाना अध्यक्ष ने उसकी बात को गंभीरता पूर्वक सुना।फिर उसके पति के नम्बर पर कॉल किया तो स्विच ऑफ बताया।वहीं पीड़ित महिला ने थाना प्रभारी से ससुराल बलिया जाने की इच्छा जताई। जिस पर पुलिसकर्मियों के सहयोग से उसे उसके ससुराल भिजवा दिया।