Ranchi:रातू में हाथी ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला, एक घायल
राँची।जिले के रातू इलाके में सोमवार को एक जंगली हाथी ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला।पुलिस ने यह जानकारी दी।यह घटना रातू पुलिस थाना क्षेत्र के चित्रकोटा गांव की है। रातू पुलिस थाना प्रभारी ने बताया, ‘चित्रकोटा गांव में सुबह करीब 9:30 बजे एक जंगली हाथी ने एक व्यक्ति को कुचलकर मार डाला।’ राँची के संभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीकांत वर्मा ने बताया कि इस घटना में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।मृतक की पहचान सुबोध खलखो (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
वन विभाग के अधिकारी ने बताया, ‘घटना के तुरंत बाद वन विभाग की एक टीम ने गांव का दौरा किया और मृतक के परिवार को तत्काल राहत के रूप में 25,000 रुपये सौंपे। कुछ औपचारिक प्रक्रियाओं के बाद परिवार को पूरी मुआवजा राशि दी जाएगी।घायल व्यक्ति को 5,000 रुपये दिए गए हैं। राज्य सरकार हाथी के हमले में मृत्यु होने पर चार लाख रुपये का मुआवजा देती है।
हाथी को गांव से निकालकर जंगल क्षेत्र में ले जाने के लिए एक टीम भी भेजी गई है और यह अभियान दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुआ।बता दें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हाल ही में राज्य में मानव-हाथी संघर्षों के कारण होने वाली मौतों की बढ़ती संख्या पर चिंता व्यक्त की थी और अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के लिए एक तंत्र विकसित करने का निर्देश दिया था कि जानवरों के हमलों के कारण किसी भी इंसान की मौत न हो।उन्होंने कहा था कि पिछले कुछ महीनों में रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, चाईबासा, जमशेदपुर, लोहरदगा, गुमला और दुमका सहित कई जिलों में हाथियों के हमलों के कारण लगभग 27 लोगों की मौत हो गई, जो गंभीर चिंता का विषय है।
