जामताड़ा पुलिस के हत्थे चढ़ा आठ शातिर साईबर अपराधी…

 

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में जामताड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के करमाटांड़ और नारायणपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने आठ शातिर साइबर अपराधियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना पर साइबर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के बिक्रामडीह स्थित जोरिया के समीप तथा करमाटांड़ थाना क्षेत्र के नीज कजरा गांव में महुआ पेड़ के पास छापेमारी कर आठ अपराधियों को साइबर ठगी करते गिरफ्तार किया।गिरफ्तार आरोपियों में विशाल मंडल, प्रद्युम मंडल, राहुल मंडल, बिक्रम मंडल, बबलु मंडल, समीर अंसारी, अली मोहम्मद और सौकत अंसारी शामिल हैं। तलाशी के दौरान पुलिस ने इनके पास से 20 मोबाइल फोन और 17 सिम कार्ड बरामद किए।

सभी के खिलाफ जामताड़ा साइबर थाना में अलग-अलग कांड दर्ज कर बीएनएस 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धाराओं में कार्रवाई की गई है।एसपी ने बताया कि आरोपी गूगल पर फर्जी तरीके से कार्ड संबंधी जानकारी खोजकर लोगों को फोन करते थे और क्रेडिट कार्ड नंबर हासिल कर ई-वॉलेट के जरिए ठगी करते थे। इसके अलावा बिजली बिल बकाया होने और लाइन काटने का संदेश भेजकर खुद को बिजली विभाग का अधिकारी बताते थे। कई मामलों में ये लोग कैशबैक का झांसा देकर मोबाइल एप के माध्यम से खातों से रकम ट्रांसफर कर लेते थे। ठगी की रकम से गिफ्ट कार्ड खरीदकर कमीशन पर बेच देते थे।

पुलिस के अनुसार, विशाल मंडल, प्रद्युम मंडल, बिक्रम मंडल और सौकत अंसारी के खिलाफ पहले भी साइबर अपराध के मामले दर्ज है और ये जेल भी जा चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों ने दिल्ली और महाराष्ट्र के कई लोगों से लाखों रुपये की ठगी की है।

error: Content is protected !!