बिहार:सगाई के दौरान दो गुटों में जमकर गोलीबारी,एक व्यक्ति कि मौत,पांच घायल,पुलिस मौके पर कैम्प कर रही है

मुंगेर।बिहार के मुंगेर जिले के कासिम बाजार थाना क्षेत्र के संदलपुर में बुधवार की रात वर्चस्व को लेकर दो गुटों में जमकर गोलीबारी हुई. गोलीबारी की इस घटना में एक की मौत हो गई जबकि एक महिला सहित पांच लोग इस गोलीबारी में घायल हो गए।घायलों में एक बिहार पुलिस का जवान अरविंद यादव भी शामिल जो पटना से छुट्टी में अपने घर आया था।सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. गोलीबारी की सूचना पर पहुंची कोतवाली और कासिम बाजार पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
चिकित्सक द्वारा घायल एक महिला और पुरुष को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि जिले के संदलपुर में निराला यादव और जीतू यादव के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद चलता है।बुधवार की रात संदलपुर निवासी राधे यादव के पुत्र जीतू यादव का सगाई का कायर्क्रम था।इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और गोलीबारी शुरू हो गई. इस दौरान दोनों तरफ से लगभग 25 से 30 राउंड गोली चली। इस गोलीबारी में जीतू यादव पक्ष के राजीव यादव की सिर में गोली लगने से मौत हो गई निराला प्रसाद यादव की 40 वर्षीय पत्नी अंजुला कुमारी, उसके साले सूरज देव यादव का 30 वर्षीय पुत्र सावन देव यादव कमर में गोली लगने और मुकेश यादव का 17 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार जांघ में गोली लगने के कारण घायल हो गया।

वहीं गोलीबारी में अपने एक मित्र सत्यम कुमार के यहां से भोज खाकर लौट रहे बड़ा बगीचा निवासी बासुदेव यादव का 27 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार और संदलपुर में ही रहने वाले 55 वर्षीय अरविंद यादव भी पैर में गोली लगने से घायल हो गए।गोलीबारी की इस घटना के बाद से ही पूरे इलाके में तनाव का माहौल व्याप्त हो गया। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस फिलहाल घटनास्थल पर कैम्प कर रही है साथ ही मामले की पड़ताल भी की जा रही है।