आँधी के साथ बारिश,पेड़ उखड़कर कार पर गिरा,बाल बाल बचे कार सवार…

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची में आंधी के साथ बारिश हुई। तेज हवाओं की वजह से हिनू के पास एक पेड़ उखड़कर सड़क पर जा रही एक कार पर गिर गया। इससे आवागमन बाधित हो गया। सड़क से पेड़ को हटाने के लिए राँची नगर निगम को सूचना दे दी गयी।उसके बाद सड़क पर से पेड़ को हटाया गया।दिन में करीब पौने 1 बजे के आसपास आसमान में काले बादल घिर आये।तेज हवाएं चलने लगीं।थोड़ी ही देर में बूंदाबांदी शुरू हो गयी।लोगों को गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन पेड़ पर सड़क गिरने की वजह से हिनू इलाके से होकर आने-जाने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।ट्रैफिक व्यवस्था गड़बड़ा गयी।

दो-तीन घंटे में इन जिलों में बारिश-वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग की ओर से पहले ही राँची में आंधी, बारिश की चेतावनी जारी की गयी थी। विभाग ने बोकारो, गिरिडीह, खूंटी,कोडरमा,रामगढ़, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले में भी अगले कुछ घंटों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा तथा वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में जहां भी वर्षा होगी, वहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. पूर्वी सिंहभूम में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

30 मई छाये रहेंगे बादल

मौसम विभाग के पूर्वानुमान पदाधिकारी ने बताया है कि झारखंड में 30 मई तक आंशिक बादल छाये रहेंगे। 28 मई तक पश्चिमी तथा उत्तर पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं वर्षा होगी।वज्रपात भी हो सकती है. अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है, लेकिन इसके बाद 3-4 दिनों में उच्चतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की वृद्धि होने की संभावना है. राजधानी राँची में 27 मई तक वर्षा होने की संभावना है।इसके बाद आसमान साफ हो जायेगा. हालांकि, बाद में 30 मई को फिर मौसम करवट लेगा और आसमान में बादल छाने की संभावना है।

बिहार से ओडिशा, झारखण्ड – बंगाल तक गुजर रहा है ट्रफ

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के राँची स्थित मौसम केंद्र के एक वैज्ञानिक ने बताया है कि उत्तर बिहार से उत्तर ओडिशा और झारखण्ड -बंगाल तक एक ट्रफ गुजर रहा है, जिसकी वजह से मौसम में बदलाव आया है। झारखण्ड के कई जिलों में कल भी आंधी-बारिश की वजह से भारी तबाही मची थी। 6 लोगों की मौत हो गयी थी। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई थी। हजारीबाग में 81.4 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चली।सबसे ज्यादा 78.2 मिलीमीटर वर्षा गिरिडीह के नानाडीह में हुई।उच्चतम तापमान डालटेनगंज में दर्ज किया गया। यहां का तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।