दिनदहाड़े बीच सड़क पर दिव्यांग चरवाहे की गला रे’तकर ह’त्या, गांव में दहशत का माहौल…
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र के सैंसेरा गांव में बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे एक दिल दहला देने वाली घटना में 40 वर्षीय दिव्यांग मोहन स्वांसी की बीच सड़क पर गला रेतकर हत्या कर दी गई। मोहन गांव में गाय-बैल चराकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। यह घटना उस समय हुई जब गांव के पास ही सड़क किनारे कुछ लोगों के बीच आपसी विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना से पहले कुछ लोग नशे की हालत में थे और आपस में किसी बात को लेकर झगड़ रहे थे। इसी दौरान मोहन स्वांसी पर तेज धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।गला पूरी तरह काट दिया गया था।घटना की सूचना मिलते ही तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार हेम्ब्रम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
इधर मृतक के बड़े भाई जीतू स्वांसी ने स्पष्ट रूप से सैंसेरा गांव के देवनंद गोप पर हत्या का आरोप लगाया है। जीतू के अनुसार, देवनंद ने खुद उनके घर आकर कहा कि मैंने तुम्हारे भाई को काट दिया है। उसने यह बात गांव के अन्य लोगों को भी बताई। इसके बाद वह अपने घर जाकर हथियार रखा और जंगल की ओर भाग गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथियार को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है।
बताया जाता है कि मोहन स्वांसी पहले पंजाब में मजदूरी करता था, जहां काम के दौरान उसका एक हाथ मशीन में कटकर अलग हो गया था। उसके बाद वह गांव लौट आया और मवेशी चराकर अपना जीवन यापन कर रहा था।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तोरपा थाना लाया और गुरुवार को खूंटी सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटना की जानकारी मिलने पर पंचायत प्रमुख रोहित सुरीन और उपप्रमुख संतोष कर भी गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली। दिनदहाड़े हुई इस जघन्य हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीण हत्यारे की जानकारी होने के बावजूद कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चला रही है।

