इंस्पेक्टर से डीएसपी बने पुलिस अधिकारियों को डीजीपी ने किया सम्मानित,डीजीपी ने कहा-मील का पत्थर साबित होंगे हमारे 64 अफसर
राँची।झारखण्ड में प्रमोशन पाकर इंस्पेक्टर से डीएसपी बने 64 पुलिस अधिकारियों को डीजीपी अनुराग गुप्ता के द्वारा मंगलवार को सम्मानित किया गया। झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन की तरफ से सभी 64 डीएसपी रैंक के अफसर के लिए सम्मान समारोह का आयोजन किया गया था।बता दें पिछले दिनों 64 इंस्पेक्टरों को डीएसपी के पद पर पदोन्नत किया गया था। जिसे लेकर झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया।इस कार्यक्रम में राज्य के डीजीपी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।डीजीपी के द्वारा कार्यक्रम में सभी 64 नव प्रोन्नत डीएसपी को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में सभी नव पदोन्नत 64 डीएसपी के साथ राँची के एसएसपी और एसोसिएशन के सदस्य और पदाधिकारी शामिल हुए।इस दौरान डीजीपी ने सभी नव पदोन्नत डीएसपी को शुभकामनाएं दीं और कहा कि पुलिस अधिकारी संवेदनशील बने ताकि लोगों की समस्याओं का निवारण हो।उन्होंने यह भी कहा कि अपने काम को लेकर सजग रहें।
वहीं,डीजीपी अनुराग गुप्ता ने कहा कि जो अफसर इंस्पेक्टर से डीएसपी बने हैं, उन सभी ने सब इंस्पेक्टर के तौर पर अपनी नौकरी शुरू की थी। ये सभी प्रमोशन पाकर डीएसपी बन चुके हैं,जो उनके लिए तो खुशी की बात है ही, साथ ही उनके परिवार के लिए भी बेहद हर्ष का विषय है।करियर में आगे बढ़ना पुलिसिंग के लिए भी बेहद कारगर होता है।डीजीपी ने कहा मुझे उम्मीद है कि कानून व्यवस्था की स्थिति सुधारने में हमारे नए डीएसपी मील का पत्थर साबित होंगे।
मौके पर डीजीपी ने कहा कि केंद्रीय गृह सचिव 28 जुलाई को अपने झारखण्ड दौरे पर आ रहे हैं। इसे लेकर झारखण्ड पुलिस के द्वारा विशेष तैयारी की जा रही है।कई अहम मुद्दों पर केंद्रीय गृह सचिव के साथ वार्ता होगी, जो झारखण्ड पुलिस के लिए भविष्य में बेहद फायदेमंद होगा।

