देवघर:तेज रफ्तार में बस की छत से तीन युवक गिरा,एक युवक की मौत,दो घायल

देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले में देवघर-सारवां मुख्य मार्ग पर कुंडा थाना क्षेत्र के कर्णकोल पुल के पास बुधवार को बस की छत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक घायल हो गए। मृतक 21 वर्षीय संदीप वर्मा कुंडा थाना क्षेत्र के काशीडीह गांव का रहने वाला था। वहीं घायल पवन साव व भरत यादव बसमत्ता गांव के रहने वाले हैं। दोनों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पिता अशोक वर्मा ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि गांव के एक युवक की मंगलवार को शादी थी। उसका बेटा शादी में शामिल होने के लिए बारात के साथ बिहार के बांका जिला खड़हरा गया था। वहां से लौटने के क्रम में उसका बेटा बस की छत पर बैठा था। बस का चालक तेजी व लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। उसे स्टैंड में टाइम पकड़ना था। इस दौरान तीखे मोड़ पर जब बस मुडी तो संदीप झटका लगने से नीचे गिर पड़ा। उसके सिर पर गहरी चोट लगी। उसे इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल ले जाया गया। यहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर कुंडा थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया। वहीं चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।