भरी पंचायत में बेटी के प्रेमी को चाकू से मारकर हत्या,एक घंटे तक तड़पता रहा प्रेमी, नाबालिगों में 3 साल से था प्रेम प्रसंग,आरोपी पिता फरार…

गोपालगंज।बिहार के गोपालगंज में भरी पंचायत में बेटी के प्रेमी को उसके पिता ने चाकू से गोद कर मार डाला। दोनों प्रेमी-प्रेमिका नाबालिग हैं। लड़का 17 और लड़की 16 साल की है। दोनों के बीच 3 साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।रविवार को लड़की लड़के के साथ भाग रही थी। इसी बीच किसी ने देख लिया, लेकिन लड़की अपने घर नहीं जाना चाहती थी। स्थानीय लोगों के जुटने के बाद पंचायती शुरू हुई। जहां लड़की का पिता भी पहुंचा और 25 लोगों के सामने लड़के को चाकू से गोद डाला।चाकू मारने के बाद करीब एक घंटे तक आरोपी वहीं था, और लड़का जख्मी हालत में तड़पता रहा। लोग डर से आगे नहीं आए की उन पर भी हमला ना कर दे। आरोपी के फरार होने के बाद परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे, पर रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

इधर प्रेमी की हत्या के बाद लड़की सदमे में है। घरवाले उसे छोड़कर भाग गए हैं। वो लड़के के घर पर ही है, अपने घर नहीं जाना चाहती। उसे डर है कि आरोपी पिता उसकी भी हत्या कर देगा। मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के कुसौंधी गांव का है।मृतक की पहचान कुसौधी गांव निवासी अर्जुन सिंह के बेटे अभिमन्यु कुशवाहा (17) के रूप में की गई। जो इंटर में पढ़ता था। पटना में रहकर पढ़ाई करता था। 10 दिन पहले वो शिवरात्रि के मेले में अपने घर आया था।प्रेमिका का घर उसके घर से करीब 500 मीटर दूर है। पटना में रहने के कारण हमेशा उनकी मुलाकात तो नहीं हो पाती थी, फोन पर बातचीत होती रहती थी। जब प्रेमी घर आया तो लड़की उसके साथ कहीं भागने लगी। वो लड़के के साथ जाने की जिद करने लगी।

पंचायती में करीब 1 घंटे तक लड़का जख्मी स्थिति में रहा, क्योंकि आरोपी वहीं था। लोगों को डर था कि लड़के को उसके सामने ले जाने पर वो उस पर फिर से हमला कर देगा। उसके चले जाने के बाद स्थानीय लोग उसे हथुआ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाने लगे, पर इलाज में देरी के कारण उसकी मौत हो गई।लड़के के शव को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

मृतक के चाचा मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि गांव के ही एक लड़की से 2-3 साल से प्रेम करता था। दोनों शादी करना चाहते थे, इसलिए लड़की लड़के के घर आई। इस दौरान लड़की के पिता ने लड़की के आंखों के सामने उसके प्रेमी को चाकू से गोद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।

मीरगंज थानाध्यक्ष किशोरी चौधरी मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गए। उन्होंने बताया कि प्रेम-प्रसंग में नाबालिग की लड़की के पिता ने चाकू गोद कर हत्या कर दी है।