सड़क पर खड़े अलकतरा लदे टैंकर को कंटेनर ने पीछे से मारी टक्कर,कंटेनर चालक की मौत
राँची।जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में टाटा-राँची राष्ट्रीय राजमार्ग 33 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चालक की मौत हो गई।तमाड़ के दिऊड़ी मंदिर के पास जमशेदपुर से राँची की ओर जा रहे एक कंटेनर ट्रक ने सड़क के बीचोबीच खड़े टैंकर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गये।दरअसल, ब्रेकडाउन होने के कारण टैंकर को सड़क के बीचों बीच रुक गया था। टैंकर ड्राइवर गाड़ी को सड़क किनारे लगाने की जुगाड़ कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे कंटेनर ट्रक उससे जा भिड़ा, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक केबिन में फंस गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर तमाड़ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल चालक को तत्काल तमाड़ अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार निवासी तपन दास के रूप में हुई है।पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है।
वहीं,हादसे के बाद राँची-जमशेदपुर एनएच-33 पर करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने जाम हटाकर आवागमन बहाल किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तकनीकी खराबी की वजह से चालक ने कंटेनर से नियंत्रण खोया था या फिर मानवीय लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ है।

