चतरा पुलिस ने ब्राउन शुगर बनाने की फैक्ट्री का किया भंडाफोड़,10 करोड़ के अफीम और ब्राउन शुगर जब्त…दो गिरफ्तार..

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा में अफीम तस्करों के खिलाफ चतरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोमवार को करीब 10 करोड़, 20 लाख रुपए की अफीम की खेप के साथ अंतरजिला गिरोह से जुड़े दो अफीम तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।इस कार्रवाई की पुष्टि चतरा एसपी विकास पांडेय ने की है।एसपी विकास पांडेय ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।जिसमें ईटखोरी थाना पुलिस भी शामिल थी।जिसमें थाना प्रभारी सूर्यप्रताप सिंह कई जवान भी थे।स्पेशल टीम की कार्रवाई में पुलिस को यह सफलता मिली है।

एसपी ने बताया कि पुलिस की टीम ने ईटखोरी थाना क्षेत्र के महुदा गांव में छापेमारी कर अवैध ब्राउन शुगर फैक्ट्री का खुलासा किया है।इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को भी धर दबोचा है। गिरफ्तार तस्करों में पंकज कुमार दांगी और धीरेंद्र दांगी शामिल हैं। पुलिस गिरफ्तार तस्करों से पूछताछ कर रही है।जिसमें पुलिस को कई अहम जानकारी भी मिली है।जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

एसपी विकास पांडेय ने बताया कि छापेमारी के दौरान पुलिस दृश्य देखकर दंग रह गई।हर तरफ अफीम और ब्राउन शुगर बिखरे थे।इस दौरान पुलिस ने कुल 204.4 किलो गीला अफीम, ब्राउन शुगर बनाने में प्रयुक्त मशीन, एक गैस सिलेंडर, एक गैस चूल्हा, इलेक्ट्रॉनिक वेटिंग मशीन, 100 पीस प्लास्टिक, वेटिंग जैक मशीन, 25.400 किलो मटमैला कपड़ा और ब्राउन शुगर बनाने में प्रयुक्त कपड़ा बरामद किया है।