एसीबी के रिमांड पर कारोबारी विनय सिंह, 29 को श्रवण जालान व नवीन पटवारी से भी होगी पूछताछ

 

राँची।आटोमोबाइल कारोबारी विनय कुमार सिंह आज शनिवार से अगले एक सप्ताह तक एसीबी राँची की रिमांड पर लिए जाएंगे। वहीं,राँची के कारोबारी श्रवण जालान व उनके करीबी रिश्तेदार दुमका निवासी नवीन पटवारी को 29 दिसंबर को एसीबी के राँची स्थित मुख्यालय में उपस्थित होने के लिए समन किया गया है।तीनों ही कारोबारी शराब व जमीन घोटाले के गिरफ्तार आरोपी निलंबित आइएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे के करीबी सहयोगी हैं। इनपर विनय कुमार चौबे के काले धन को निवेश करने का आरोप है। कारोबारी श्रवण जालान पर विनय चौबे के काले धन के टिंबर व जमीन के धंधे में निवेश का आरोप है।

वहीं, उनके रिश्तेदार नवीन पटवारी का दुमका में टायर आदि का व्यवसाय है। इन सभी आरोपी से एसीबी शराब व जमीन घोटाला के अलावा आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भी पूछताछ करेगी।आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में निलंबित आइएएस अधिकारी विनय कुमार चौबे, उनके रिश्तेदारों व सहयोगियों के विरुद्ध जांच कर रही एसीबी ने आठ व नौ दिसंबर को श्रवण जालान व नवीन पटवारी के ठिकानों पर छापेमारी की थी।छापेमारी में निवेश से संबंधित दस्तावेज सहित कई महत्वपूर्ण सबूत मिले थे। जब्त दस्तावेजों के आधार पर भी आरोपी से पूछताछ की जानी है।

निलंबित आइएएस विनय कुमार चौबे पर शेल कंपनियों के माध्यम से काले धन को सफेद करने का आरोप है। आरोप है कि इन शेल कंपनियों के संचालन में भी इन आरोपितों की भूमिका रही है। इन कंपनियों के माध्यम से कितने काले धन सफेद हुए, एसीबी इसकी भी जानकारी लेगी।निवेश कहां-कहां हुए हैं, यह भी पता लगाया जा रहा है। इन आरोपियों के माध्यम से विनय चौबे के करोड़ों रुपयों के लेन-देन की जानकारी एसीबी को मिली है, जिसका आज शनिवार से सत्यापन शुरू हो जाएगा।

आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में एसीबी ने 24 नवंबर को एसीबी थाना राँची में प्राथमिकी दर्ज की है। इस प्राथमिकी में निलंबित आइएएस विनय कुमार चौबे के अलावा उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, उनके ससुर सत्येंद्र नाथ त्रिवेदी, साला शिपिज त्रिवेदी, सरहज प्रियंका त्रिवेदी, सहयोगी विनय सिंह व विनय सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह नामजद आरोपी हैं।

विनय कुमार चौबे व विनय सिंह पहले से दूसरे केस में गिरफ्तार हैं। विनय सिंह हजारीबाग के लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा में बंद हैं। चौबे राँची जेल के अधीन हैं।

एसीबी ने चौबे की पत्नी स्वप्ना संचिता, साला शिपिज त्रिवेदी व शिपिज त्रिवेदी की पत्नी प्रियंका त्रिवेदी से पूछताछ कर चुकी है। अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद एसीबी जांच की कड़ी आगे बढ़ेगी।

error: Content is protected !!