राँची में प्रेशर हॉर्न और बाइक साइलेंसर पर चला बुलडोजर,करीब 600 किए गए नष्ट
राँची।राजधानी राँची में शनिवार को राँची के एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर ट्रैफिक एसपी और ग्रामीण एसपी की अगुवाई में शहर में ढाई सौ से ज्यादा प्रेशर हॉर्न और करीब साढ़े तीन सौ साइलेंसर पर बुलडोजर चलाया गया। ट्रैफिक पुलिस ने अभियान चलाकर 600 से ज्यादा साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न जब्त किए थे।
राँची के यातायात पुलिस द्वारा हाल के दिनों में प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाई साइलेंसर को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया था। इस दौरान 600 से ज्यादा बाइक सवारों का चालान काटा गया। साथ ही साइलेंसर के साथ-साथ प्रेशर हॉर्न को भी जब्त किए गए।शनिवार को साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न को राँची पुलिस लाइन में नष्ट किया गया।इसके लिए बाकायदा सभी 600 प्रेशर हॉर्न और साइलेंसर पर एक साथ बुलडोजर चलाकर उसे पूरी तरह से नेस्तनाबूद कर दिया गया।
राँची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर कार या बाइक में लगाना ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। इसकी वजह से आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।शिकायत मिलने के बाद ट्रैफिक पुलिस के द्वारा एक बड़ा अभियान चलाया गया और एक महीने के भीतर ही 600 से ज्यादा प्रेशर हॉर्न और साइलेंसर को जब्त किया गया। जिसे शनिवार को पुलिस लाइन में बुलडोजर चलाकर सभी को नष्ट कर दिया गया।ट्रैफिक एसपी ने बताया कि यह अभियान अब ग्रामीण क्षेत्र में भी चलाया जाएगा ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मौके पर मौजूद ग्रामीण एसपी प्रवीन पुष्कर ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के द्वारा न सिर्फ प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर को जब्त किया गया बल्कि उसमें लगने वाले विभिन्न तरह के लाइट्स जो सड़क पर ड्राइविंग के दौरान व्यवधान पैदा करते थे उन्हें भी नष्ट किया गया है।ग्रामीण एसपी ने बताया कि यह प्रक्रिया उन लोगों के लिए सबक है, जो नियमों का उल्लंघन कर अपने बाइक में मोडिफाइड साइलेंसर सहित विभिन्न तरह के प्रतिबंधित उपकरण लगाते हैं।
बता दें कि हाल के दिनों में राँची के ट्रैफिक एसपी को कई बुजुर्गों ने यह शिकायत की थी कि खासकर अस्पताल के बाहर और रात के समय मोडिफाइड साइलेंसर की वजह से बाइक काफी तेज आवाज करती है, जिसकी वजह से मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसी तरह की शिकायतें अन्य लोगों के द्वारा भी ट्रैफिक एसपी तक पहुंचाई गई थी।जिसके बाद एक बड़ा अभियान चलाकर यह कार्रवाई की गई।

