बोकारो पुलिस ने बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का किया खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार…पति-पत्नी की दुकान के सामने थी आरोपी की दुकान, ग्राहक के लिए होता था विवाद…

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र में हुई बुजुर्ग दंपती हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो हत्यारोपियों को गिरफ्तार किया है।दोनों आरोपियों ने जोशी कॉलोनी गेट नंबर-03 में एक दिसंबर को बुजुर्ग दंपती महावीर साव (70) और कौश्यला देवी (65) की ईंट से वारकर और चाकू मारकर हत्या कर दी थी।पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल ओमप्रकाश कुमार उर्फ ललुआ और उसके सहयोगी रामचन्द्र कुमार उर्फ बिद्ध को गिरफ्तार कर लिया है। एसपी हरविंदर सिंह ने गुरुवार को बताया कि आरोपियों से पूछताछ में हत्या के पीछे की वजह व्यापारिक प्रतिस्पर्धा और आपसी मनमुटाव सामने आई।

एसपी ने बताया कि बुजुर्ग दंपती चाय-पकौड़ी की दुकान चलाते थे। ठीक सामने ओमप्रकाश भी चाय-नाश्ते की दुकान लगाता था। दोनों दुकानदारों के बीच ग्राहकों को लेकर विवाद होता रहता था और कभी-कभी कहासुनी भी हो जाती थी, जिससे ओमप्रकाश दंपती से रंजिश रखता था।पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि बिजनेश कंपटीशन और आपसी मनमुटाव के कारण ओमप्रकाश दंपती को पसंद नहीं करता था। घटना की रात आरोपी ओमप्रकाश और उसका साथी रामचन्द्र शराब के नशे में थे। नशे की हालत में दोनों ने मिलकर दंपती पर हमला किया और उनकी हत्या कर दी। दोनों आरोपी जोशी कॉलोनी के ही निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से खून लगा चाकू, खून से सने ईंट, घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए खून लगे कपड़े और मृतक दंपती का टूटा की-पैड मोबाइल फोन बरामद किया है। घटना के उद्भेदन के लिए एसपी के निर्देश पर सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था।

error: Content is protected !!