राँची पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंटेनर से 61 लाख रुपये का अवैध शराब बरामद,बिहार भेजे जाने की आशंका…
राँची।राजधानी राँची में वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन को मिली सूचना के आधार पर नामकुम पुलिस ने नामकुम के रामपुर इलाके के सरजोमडीह में छापामारी करते हुए बंगाल नंबर की कंटेनर से चंडीगढ़ मेड की 1868 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त किया है।जब्त शराब चंडीगढ़ निर्मित हैं।जब्त शराब की कीमत 61.14 लाख बताई जा रही है हालांकि मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जानकारी के अनुसार,रविवार की देर शाम गुप्त सूचना मिली कि शराब माफिया भारी मात्रा में अवैध शराब लदे एक कंटेनर राँची से बिहार जा रहा है।एसएसपी के निर्देश पर रविवार की रात थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने राँची-जमशेदपुर मुख्य मार्ग के सारजोमडीह में वाहन जांच अभियान चलाया गया।इसी बीच कंटेनर (डब्ल्यू बी23डी5344) को आता देख पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक कंटेनर को छोड़कर भागने लगा। जिसका पुलिस ने पीछा किया परंतु अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।कंटेनर को जब्त कर पुलिस थाना ले आई।
सोमवार को वरीय पुलिस अधिकारी के निर्देश पर प्रखंड कार्यालय से मजिस्ट्रेट बिरेंद्र राम की उपस्थिति में कंटेनर का सील तोड़कर खोला गया।कंटेनर में अंग्रेजी शराब की सैकड़ों पैटी भरी थी।
जब्त पेटियों की गिनती की गई तो 111एसीई का 3408 बोतल, 999 पावर स्टार फाइन व्हिस्की का 2184, वाजीर डिलक्स व्हिस्की का 7920 बोतल (सभी बोतल 750 एमएल का ) एवं 180 एमएल डिस्काउंट प्रिमियम व्हिस्की का 7920 बोतल अंग्रेजी शराब मिला।थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि जब्त शराब चंडीगढ़ मेड है।टोटल 1868 पेटी में 49128 बोतल शराब जब्त की गई है जिसकी अनुमानित कीमत 61.14 लाख रुपए है।बताया जब्त शराब असली या नक़ली इसकी जांच की जा रही है।कंटेनर का रजिस्ट्रेशन नंबर फर्जी है।आशंका जताई जा रही है कि जब्त शराब बिहार भेजने की तैयारी थी।मामले में चालक एवं मालिक पर प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
अबतक की सबसे बड़ी कार्रवाई
नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी के निर्देश पर राँची पुलिस लगातार प्रयासरत रही है।पूर्व में भी पुलिस ने कई बार छापामारी कर देशी व अंग्रेजी शराब जब्त किया है। परंतु रविवार की रात जब्त शराब अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई हैं।

