12.53 लाख वाहन लोन लेकर बैंक से किया धोखाधड़ी, बैंक ऑफ बड़ौदा ने दर्ज कराई प्राथमिकी

राँची। राजधानी राँची में 12.53 लाख रुपए वाहन लोन लेकर धोखाधड़ी का मामला अरगोड़ा थाना में दर्ज हुआ है। प्राथमिकी बैंक ऑफ बड़ौदा कडरू ब्रांच की ओर से दर्ज कराई गई है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार सोनी शर्मा नाम की महिला ने बैंक से 12.53 लाख रुपए वाहन लोन स्वीकृत कराया। 20 अक्टूबर 2022 को उनका लोन सोनी शर्मा के नाम पर स्वीकृत कर दिया गया। लेकिन चार पहिया वाहन खरीदने के बाद सोनी शर्मा ने वाहन का ओरिजनल रजिस्ट्रेशन नंबर की प्रति बैंक को उपलब्ध तक नहीं कराई। लोन का ईएमआई 20,001 रुपए प्रति माह था, जिसे जमा नहीं किया गया। इसकी वजह से 8 जून 2023 को लोन एकाउंट एनपीए हो गया। जब बैंक ने सोनी शर्मा के घर पर जाकर उनसे मुलाकात करने की कोशिश की तो वह घर से गायब मिली। जिस मोबाइल नंबर उन्होंने बैंक को दिया था वह भी संपर्क करने पर स्विच ऑफ मिला। इसके बाद बैंक की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।