एसएसपी के निर्देश मिलते ही डीएसपी ने फिल्मी अंदाज में ड्रग तस्कर को दबोचा,स्पीड पोस्ट से ड्रग्स मंगाकर राँची में सप्लाई कर रहा था एलएलएम का छात्र…..

राँची।राजधानी राँची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ राँची पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसएसपी राकेश रंजन को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए पंडरा थाना क्षेत्र से एलएलएम के छात्र लाल वेदांत नाथ शाहदेव को गिरफ्तार किया है,जो स्पीड पोस्ट के जरिए नशीले पदार्थों की खेप मंगाकर शहर के विभिन्न हिस्सों में ऊंचे दामों पर बेचता था।

बुधवार को जानकारी देते हुए कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि एसएसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि पंडरा के जतरा मैदान के पास स्पीड पोस्ट के माध्यम से मादक पदार्थों की आपूर्ति होने वाली है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने जतरा मैदान के पास घेराबंदी कर रेकी शुरू की।मंगलवार की रात करीब 8:25 बजे पुलिस को एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया, जो पुलिस बल को देखते ही भागने लगा।हालांकि, सतर्क पुलिस टीम ने उसे खदेड़कर पकड़ लिया।पकड़े गए युवक की पहचान लाल वेदांत नाथ शाहदेव (25 वर्ष), निवासी इंद्रपुरी रोड नंबर-1, सुखदेवनगर के रूप में हुई है। जब पुलिस ने युवक की विधिवत तलाशी ली, तो उसकी पैंट की जेब से एक आसमानी रंग का लिफाफा बरामद हुआ।लिफाफे के अंदर पारदर्शी प्लास्टिक में लपेटा हुआ 10.92 ग्राम चरस पाया गया।इसके अलावा, उसके पास से एक “Cali Honey” लिखा हुआ इन्हेलर भी मिला।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह गलत नाम और पते का इस्तेमाल कर स्पीड पोस्ट के माध्यम से नशीले पदार्थ मंगवाता था। खेप प्राप्त होने के बाद वह इसे राँची के अलग-अलग इलाकों में नशा करने वालों को मोटी कीमत पर बेच देता था।पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, एक ओप्पो और एक आईफोन 15 प्रो मैक्स, भी जब्त किए हैं।

पुलिस जांच में जो जानकारी मिली है बेहद ही चौकाने वाला है।डीएसपी ने बताया कि गिरफ्तार युवक अमेठी यूनिवर्सिटी नोएडा से पढ़ाई किया है।अभी एलएलएम कर रहा रहा है।पढ़ लिखकर नशे का कारोबार में जुड़ना बेहद चिंता का विषय है।बताया गया कि युवक इससे पहले दिल्ली पुलिस ने भी नशा तस्करी में गिरफ्तार किया था।जेल जाने के बाद सुधरने के बजाय राँची में आकर फिर नशा की तस्करी करने लगा।डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि राँची शहर में ज्यादातर पढ़ रहे छात्रों के बीच ये नशे का समान बेचता था।

error: Content is protected !!