स्कूली छात्रा के साथ छेड़खानी, आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी शिक्षक को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा…

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर कक्षा 7 की एक छात्रा ने छेड़छाड़ का आरोप लगा है।घटना की जानकारी मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर आरोपी शिक्षक की जमकर पिटाई कर दी।ग्रामीणों ने शिक्षक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मरकच्चो थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया।साथ ही आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया।

मामले की जानकारी देते हुए मरकच्चो थाना प्रभारी नंद किशोर तिवारी ने बताया कि छात्रा के पिता द्वारा आवेदन मिलते ही पुलिस हरकत में आई और पॉक्सो एक्ट के तहत शिक्षक पर मामला दर्ज कर उसे थाने ले आई हैं।पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।वहीं घटना को लेकर विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने भी मरकच्चो थाना में आवेदन देकर आरोपी शिक्षक पर कार्रवाई की मांग की है।

थाना को दिए आवेदन में स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया है कि घटना 16 सितंबर के 2 बजे की है। उन्होंने बताया है कि विद्यालय में छुट्टी हो चुकी थी, लेकिन एक छात्रा अपनी कक्षा में अकेली बैठी थी।जानकारी मिलने पर उन्होंने विद्यालय के कंप्यूटर शिक्षक को कक्षा में बैठी छात्रा से पूछताछ के लिए भेजा था। जिसके बाद शिक्षक द्वारा बताया गया कि छात्रा की तबीयत खराब है।इसके बाद वह छात्रा अपने घर चली गई और शिक्षक भी अपने घर चले गए।अगले दिन विश्वकर्मा पूजा की छुट्टी थी और विद्यालय बंद था।

वहीं 18 सितंबर को स्कूल खुलने पर छात्रा ने प्रधानाध्यापक को जानकारी दी कि उसके पिता कहीं बाहर गए हुए हैं।उस वक्त बच्ची काफी डरी-सहमी थी और पिता के आने का इंतजार कर रही थी।स्कूल के प्रधानाध्यापक ने बताया कि मंगलवार की सुबह छात्रा के पिता ने शिकायत की कि 16 सितंबर को जब उनकी बच्ची कक्षा में अकेली बैठी थी उस समय उसके पास कंप्यूटर शिक्षक आए और हालचाल जानने के बहाने पूछताछ करते हुए उसके साथ छेड़खानी की। जिसके बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक ने मरकच्चो थाना में आरोपी शिक्षक के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित छात्रा के परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त होते ही आरोपी शिक्षक पर पॉस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी शिक्षक को हिरासत में लेकर मामले की छानबीन की जा रही है।

error: Content is protected !!