राँची के हरमू रोड स्थित राइफल शूटिंग क्लब के बाथरूम में रिकॉर्डिंग का आरोप, परिजनों का फूटा गुस्सा; एक हिरासत में, मोबाइल जब्त
राँची। राजधानी राँची के हरमू रोड स्थित चतरा राइफल शूटिंग क्लब परिसर में रविवार देर शाम उस वक्त हंगामा मच गया, जब एक बच्ची के परिजनों ने बाथरूम में छिपाकर मोबाइल और कैमरा लगाए जाने का आरोप लगाया। आरोप सामने आने के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने एक मोबाइल फोन जब्त किया है। वहीं, शूटिंग का प्रशिक्षण देने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है।
बेटी का फोन आया तो क्लब पहुंचे पिता
बच्ची के पिता ने मीडिया को बताया कि वह रविवार शाम कटहल मोड़ के पास थे। इसी दौरान उनकी बेटी का फोन आया और उसने उन्हें तुरंत क्लब पहुंचने को कहा। इसके बाद वह करीब 20-25 मिनट में स्कूटी से शूटिंग क्लब पहुंचे।पिता के अनुसार, क्लब पहुंचने के बाद उनकी बेटी नीचे आई और उसने बताया कि एक अन्य लड़की ने उसे वाशरूम जाने से रोक दिया था। उस लड़की ने कथित तौर पर बताया कि वाशरूम के अंदर मोबाइल और कैमरा रखा हुआ है और उससे रिकॉर्डिंग की जा रही है। यह बात सामने आने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और क्लब परिसर में हंगामा शुरू हो गया।
करीब 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग
मामले को लेकर बच्ची के पिता ने क्लब प्रबंधन से परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज दिखाने की मांग की। पिता का दावा है कि पूरे परिसर में करीब 40 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं और वे एक घंटे से अधिक समय तक मौके पर रहकर फुटेज देखने की मांग करते रहे।परिजनों के मुताबिक, क्लब प्रबंधन की ओर से कहा गया कि संस्थान के मालिक फिलहाल चतरा में हैं और उन्हें राँची पहुंचने में करीब चार घंटे का समय लगेगा। इसको लेकर परिजनों में नाराजगी और बढ़ गई।परिजनों ने यह भी मांग की कि जिस लड़की पर संदिग्ध मोबाइल और कैमरा रखने या उसके बारे में जानकारी होने का आरोप है, उससे और उसकी मां से भी पूछताछ की जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
ढाई साल से बेटी कर रही है प्रैक्टिस, पिता बोले- बच्चों की सुरक्षा जरूरी
बच्ची के पिता ने कहा कि वे पिछले करीब ढाई वर्षों से अपनी बेटी को यहां शूटिंग की प्रैक्टिस के लिए भेज रहे हैं। उनका कहना है कि अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और प्रशिक्षण के लिए संस्थान भेजते हैं। ऐसे में यदि वाशरूम जैसी जगह पर छिपाकर रिकॉर्डिंग किए जाने का आरोप सामने आता है, तो यह बेहद गंभीर मामला है।उन्होंने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, मोबाइल जब्त
हंगामे की सूचना मिलने के बाद कोतवाली एएसपी, कोतवाली थाना प्रभारी और चुटिया थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को संभालने के साथ ही मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की।बताया जा रहा है कि पुलिस ने मौके से एक मोबाइल फोन जब्त किया है। वहीं, शूटिंग का प्रशिक्षण देने वाले एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की सूचना है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित तौर पर वाशरूम में मोबाइल या कैमरा किसने रखा था और उससे किसी तरह की रिकॉर्डिंग हुई थी या नहीं।
सीसीटीवी फुटेज से खुल सकता है पूरा राज
पूरे मामले में अब सीसीटीवी फुटेज अहम कड़ी मानी जा रही है। पुलिस यदि क्लब परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगालती है, तो इससे यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि वाशरूम के आसपास कौन-कौन लोग गए थे और संदिग्ध मोबाइल या कैमरे को वहां किसने रखा।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वाशरूम में वास्तव में कोई रिकॉर्डिंग की गई थी या नहीं और इस पूरे घटनाक्रम में कौन जिम्मेदार है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच और जब्त मोबाइल की जांच के बाद ही हो सकेगी।

