होम क्वॉरेंटाइन का उल्लंघन करनेवाले दो और लोगों पर कार्रवाई, 14 दिनों तक होम क्वॉरेंटाइन में रहने का था निदेश, घर से थे बाहर

राँची। होम क्वॉरेंटाइन का उल्लंघन करने पर रांची जिला प्रशासन द्वारा दो और लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। दोनों लोग लालपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। दोनों ही दूसरे राज्य से रांची आये थे।

जांच के दौरान घर से थे बाहर

दूसरे राज्यों से रांची जिला/शहर में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों को 14 दिनों तक होम क्वॉरेंटाइन का अनुपालन करना आवश्यक है। उपायुक्त, रांची के निदेशानुसार राज्य के बाहर से रांची जिला या शहर में प्रवेश करने वाले व्यक्तियों के होम क्वॉरेंटाइन में रहने की जांच की जा रही है। जिला प्रशासन की टीम जब इनके दिए गए पते एफ-304, हरिओम टावर, सर्कुलर रोड, रांची पहुंची तो दोनों ही अपने घर पर नहीं मिले।

दोनों के खिलाफ दर्ज होगा एफआईआर

होम क्वॉरेंटाइन का उल्लंघन करने के आरोप में प्रमोद पाटोदिया और रवि कुमार जाजोदिया के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। अपर जिला दंडाधिकारी (विधि व्यवस्था) श्री अखिलेश सिन्हा ने संबंधित इंसिडेंट कमांडर को इनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निदेश दिया है। आपको बताएं कि रांची जिला प्रशासन द्वारा कल नामकुम थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति के खिलाफ होम क्वारंटाइन का उल्लंघन करने पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।