एसीबी की टीम ने ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल का घूसखोर रोकड़पाल को 50 हजार रुपए घूस लेते रंगेहाथ किया गिरफ्तार….

चाईबासा।झारखण्ड के जमशेदपुर एसीबी की टीम ने शुक्रवार को करीब 11 बजे ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कैशियर बीटी सिंह को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है।गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम बीटी सिंह को अपने साथ जमशेदपुर लेकर आई और पूछताछ की गई।बताया जाता है कि ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा मंझारी के रोलाडीह खेल मैदान में चेंजिंग रूम, शौचालय निर्माण के लिए 12 लाख, 46 हजार, 700 रुपए का काम निकाला गया था। यह काम संवेदक बिरूवा को मिला था और इस काम का एग्रीमेंट करने के लिए रोकड़पाल बीटी सिंह ने आठ प्रतिशत की मांग की थी जिसकी शिकायत संवेदक ने एसीबी से की थी। संवेदक से शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम पूरी तैयारी के साथ चाईबासा पहुंची थी और रोकड़पाल बीटी सिंह को पैसा लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के रोकड़पाल बीटी सिंह ने आरोप लगाया कि यह पैसा कार्यपालक अभियंता जितेंद्र पासवान, जिले के वरीय अधिकारियों और विभाग के अधिकारियों तक पहुंचता है। बहरहाल, एसीबी की टीम गिरफ्तार रोकड़पाल बीटी सिंह को अपने साथ जमशेदपुर लेकर आई और आगे की कार्रवाई में जुटी।

जानकारी के अनुसार एसीबी की टीम रिश्वतखोर कैशियर के जमशेदपुर मानगो स्थित उसके घर में भी छापेमारी भी की है। एसीबी की टीम में डीएसपी, इंस्पेक्टर के साथ काफी संख्या में पुलिस बल शामिल थे। संवेदक निराकार बिरूवा ने रोकड़पाल बीटी सिंह के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी थी।जिसके बाद एसीबी की टीम जांच करने पहुंची और रोकड़पाल बीटी सिंह को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की टीम प्रखंड कार्यालय के पीछे स्थित विशेष प्रमंडल ग्रामीण विकास विभाग के कार्यालय में सादे लिबास में थी। जैसे ही रोकड़पाल ने संवेदक से 50 हजार रुपए रिश्वत लिए एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।