दो महिलाओं के विवाद में युवक ने एक महिला की हत्या कर दी थी….आईआरबी जवान की पत्नी और आरोपी युवक बाप के साथ गिरफ्तार
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले में बुधवार की देर शाम नगर थाना क्षेत्र के पुराना दुमका केवट पाड़ा, कब्रिस्तान रोड में एक महिला की गला काट कर हत्या कर दी गई थी।हत्या का आरोप फूलचंद्र साह उर्फ छोटू पर लगा था। आरोप लगा कि पानी निकासी को लेकर नाली के विवाद में छोटू ने तलवार से वार कर महिला का सर धड़ से अलग कर दिया और थाना पहुंच कर आत्मसमर्पण कर दिया था। 24 घंटे के अनुसंधान में इस हत्या कांड में नया ट्विस्ट सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में आईआरबी जवान की पत्नी रागिनी झा, फूलचंद साह उर्फ छोटू और उसके पिता लालचंद साह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि छोटू और राँची में तैनात आइआरबी के जवान की पत्नी रागिनी झा घर का सारा गंदा पानी बीच सड़क पर बहा देती थी।मृतिका विमला देवी का घर ढलान में था, इसलिए सारा पानी उनके दरवाजे पर जाकर ठहर जाता था।इस बात को लेकर एक साल से रागिनी और विमला में विवाद चल रहा था।बुधवार की शाम विमला देवी के पति मनोज सिंह सब्जी लेकर घर आए तो रागिनी ने उनकी बाइक रोक ली और विमला देवी की शिकायत की। इसके बाद विमला भी आ गई और दोनों महिला आपस में उलझ गई।इसी बीच रागिनी ने फोन कर आउटडोर स्टेडियम में मौजूद छोटू को सारी बात बताई। इसके बाद छोटू जब घर पहुंचा तो देखा कि दोनों महिलाओं के बीच जमकर कहासुनी हो रही थी।छोटू का यह बर्दाश्त नहीं हुआ कि कोई उसके सामने रागिनी को बुरा भला कहे।वह घर से तलवार लेकर आया और विमला देवी के गर्दन पर प्रहार कर दिया। एक ही झटके में सर धड़ से अलग कर दिया।घटना के बाद आसपास में हड़कम्प मच गया।
इस घटना में मृतका विमला देवी के पति मनोज सिंह भी घायल हुए थे, जिन्हें फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल से बेहतर इलाज के लिए राँची रेफर कर दिया गया।पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तलवार बरामद कर ली है। मनोज सिंह के बयान पर हत्या का मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने छोटू, अवकाश पर आए उसके पिता लालचंद साह, जो हजारीबाग के चौपारण थाना में सहायक अवर निरीक्षक के पद पर पदस्थापित है और पड़ोस में रहने वाले राँची में पदास्थापित आइआरबी यानी इंडिया रिजर्व बटालियन के अवर निरीक्षक अक्षय झा की पत्नी रागिनी झा को गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि छोटू रागिनी के बेटे को ट्यूशन पढ़ाता था।इसलिए दोनों में मधुर सम्बन्ध थे।हालांकि आसपास के लोगों को समझ मे नहीं आ रहा आखिर पड़ोसी महिला के लिए युवक ने इतना बड़ा कदम कैसे उठा लिया है।लोगो मे कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं ।इधर पोस्टमार्टम के बाद नगर थाना की पुलिस ने शव को मृतका के भतीजे को सुपुर्द कर दिया।वह शव लेकर पैतृक घर देवघर के सांरवा चला गया।वहां पर विमला देवी के शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।