धनबाद के सब्जी मंडी में लगी भीषण आग,एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर खाक

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टील गेट स्थित सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर एक दर्जन से अधिक दुकानें जलकर खाक हो गईं।सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन की टीम मौके पर पहुँचीं।स्टील गेट सब्जी मंडी में अचानक उठी आग की लपटों ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया. राशन, पूजा सामग्री, सब्जी और अन्य सामान से भरी दुकानों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया।एक-एक कर चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।इसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका

घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों में मातम जैसा माहौल था। दुकानदारों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चार से पांच बार आग लग चुकी है और हर बार 15 से 20 दुकानें जलकर राख हो जाती हैं। लगातार हो रहे नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति दयनीय होती जा रही है। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मंडी परिसर के आसपास अवैध शराब की बिक्री के कारण रात में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आगजनी की आशंका बनी रहती है।उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक सहायता की मांग की है।

पीड़ित मालती देवी ने कहा कि पति के निधन के बाद वे खुद दुकान चलाती हैं।दिहाड़ी मजदूरी कर अपने बच्चों का जीवन यापन करते हैं।जिस वक्त आग लगी, वह अपने दुकान में सो रही थी।वहीं, ममता मोदी ने कहा कि उसके पिता प्रकाश मोदी की राशन की दुकान आग की घटना में जलकर खाक हो गई है।अवैध शराब की बिक्री के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिस कारण ऐसी घटनाएं घटती है। अबतक चार से पांच बार आग लगने की घटना घट चुकी है। वहीं, पीड़ित दुकानदार विश्वनाथ मंडल ने कहा कि उनकी भी राशन की दुकान थी, जो जलकर पूरी तरह से खाक हो गई है।

जबकि पीड़ित दुकानदार हीरा साव ने कहा कि उनका आलू का गोदाम आग में जलकर खाक हो चुका है। एक बाइक भी दुकान के अंदर रखी थी वह भी जलकर खाक हो चुका है। स्टाफ के द्वारा आग लगने की घटना की जानकारी दी। चार पांच बार आग लगने की घटना घट चुकी है।मौके पर मौजूद फायर ब्रिगेड के प्रधान अग्नि चालक मंजूर आलम ने कहा कि आग की सूचना पर मौके पर पहुंचे।आग काफी भयावह थी। दमकल वाहनों के जरिए आग पर काबू पा लिया गया है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

error: Content is protected !!