खूंटी में ग्राम प्रधान की हत्या: घर में घुसे अपराधियों ने पहले पीटा फिर मार दी गोली…जांच में जुटी है पुलिस,कई हिरासत में..
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के लांदुप पंचायत के काड़ेतुबिद गांव देर रात दर्जनों अपराधियों के दहशत के साये में रहा। गांव के ग्राम प्रधान को पहले लाठी डंडे से अपराधियों ने पीटा और फिर गोली मारकर हत्या कर दी।वहीं,ग्राम प्रधान को पिटता देख उसका भांजा आचू मुंडा बचाने निकला, लेकिन अपराधियों ने उसपर भी जानलेवा हमला कर उसे घायल कर दिया।घायल का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानाकरी के अनुसार देर रात तेज बारिश हो रही थी और बलराम मुंडा अपने घर में थे। इसी दौरान दर्जनों हथियारबंद अपराधी उनके घर घुसे और बलराम मुंडा पर सभी टूट पड़े. लाठी डंडे से पीटा और गोली मारकर उसकी बेरहमी हत्या कर दी।बताया जा रहा है कि अपराधी लगभग आधा घंटा तक घर में रहे और इस दौरान न केवल हमला किया, बल्कि घर में रखे धान के बोरे फाड़ दिए और अन्य सामानों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।घटना की जानकारी पुलिस को देर रात ग्रामीणों ने दी। सूचना पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जांचोपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना की सूचना पर पुलिस ने पूरे सड़क मार्ग पर चेकिंग शुरू कर दी। 10 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। डीएसपी वरुण रजक ने हत्याकांड की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला गंभीर है और जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ग्राम प्रधान की ठेकेदारी से संबंधित विवाद के कारण हत्या की गई है।हालांकि उन्होंने बताया कि परिजनों ने पुलिस को बताया कि देर रात अपराधी उनके घर डकैती करने पहुंचे थे। घुसे अपराधियों को लूटपाट करने से बलराम मुंडा मना कर रहे थे, उसी दौरान उनपर हमला किया गया।उन्होंने बताया कि हत्याकांड की जांच की जा रही है और 10 लोग हिरासत में हैं, जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा होगा।

