जामताड़ा:दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, 25.20 लाख रुपए नगद,10 मोबाइल फोन,कार, लैपटॉप और 20 सिम कार्ड बरामद..

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता के निर्देश पर जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के मामले में बड़ी कार्रवाई की है।पुलिस ने दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता को मिली गुप्त सूचना पर साइबर थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो के नेतृत्व में टीम ने गायछान्द गांव में छापेमारी की। पुलिस ने साइबर अपराधी प्रदीप कुमार मंडल (24) और रघुवीर कुमार मंडल (26) को गिरफ्तार किया।

एसपी राजकुमार मेहता ने बुधवार को प्रेसवार्ता में बताया कि अपराधियों से 25.20 लाख रुपए नगद बरामद किए गए हैं। इनके पास से 10 मोबाइल फोन, 20 सिम कार्ड, 5 एटीएम कार्ड, एक चेकबुक, एक लैपटॉप और एक चारपहिया वाहन भी मिला है। एसपी ने कहा कि यह रकम अब तक की जिले में साईबर अपराधी के पास से सबसे बड़ी रिकवरी है।एसपी ने चेतावनी दी, साइबर अपराधी नहीं सुधरे तो उनका नाम अब गुंडा सूची में डाला जाएगा और साइबर अपराधियों की प्रोफाइल बनाई जाएगी।

एसपी के अनुसार, ये अपराधी केवाईसी अपडेट के बहाने लोगों को ठगते थे। वे लोगों के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर उनकी बैंक से जुड़ी जानकारी हासिल कर लेते थे। प्रदीप कुमार मंडल पहले भी साइबर अपराध के मामलों में आरोपी रह चुका है।

इन अपराधियों का कार्यक्षेत्र पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और ओडिशा था। मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है। एसपी ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी बैंक संबंधी जानकारी किसी से साझा न करें।

error: Content is protected !!