ट्रक और बाइक में हुई भीषण टक्कर…. बर्थडे मनाकर लौट रहे तीन युवकों की दर्दनाक मौत
सिमडेगा।झारखण्ड के सिमडेगा जिले में कोलेबिरा-गुमला पथ एनएच 143 पर तपकरा डैम से बर्थडे मनाकर लौट रहे बाइक सवार युवकों की एक ट्रक से सीधी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों की मौत हो गई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरा युवक ट्रक के साइड में जा गिरा था।गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को राँची रिम्स ले जाया गया, जहां रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार कोलेबिरा थाना क्षेत्र के लचरागढ़ पंचायत के कोंबाकेरा निवासी सूरज बागवार, अमृत बघवार और कोलेबिरा पहाड़ टोल निवासी मानु टेटे तीनों एक बाइक में सवार होकर गुमला जिले के तपकरा डैम में बर्थडे मनाने गए थे।बर्थडे मनाकर तीनों दोस्त वापस कोलेबिरा लौट रहे थे कि तभी गुमला-कोलेबिरा नेशनल हाईवे 143 के पास सामने से आ रही ट्रक से सीधी टक्कर हो गई।
इस हादसे में सूरज बागवार और अमृत बागवार ट्रक के नीचे फंस गया, जिससे मौके पर ही दोनों की मौत हो गई।जबकि तीसरा मानुष टेटे गंभीर रूप से घायल हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोलेबिरा पहुंचाया गया।जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज के बाद राँची रिम्स रेफर कर दिया गया। राँची जाने के दौरान मानुष टेटे की भी मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलते ही कोलेबिरा थाना प्रभारी शशि शंकर सिंह मौके पर पहुंचे और क्रेन की मदद से शव को बाहर निकाला गया।पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई। शाम हो जाने के कारण शव को आज मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा भेजा गया है।पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

