शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन समेत दो बाराती की मौत,5 घायल

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के दलदली गांव के पास बीती रात सड़क हादसे में शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन समेत दो बारातियों की मौत हो गई है, जबकि हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं। घायलों में दो की स्थिति गंभीर है। जिसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।घायलों के अनुसार पाकुड़ जिले के पाकुड़िया थाना क्षेत्र के बाबूझोंटी गांव के निर्मल मुर्मू की शादी बीते बुधवार को नव पहाड़ गांव निवासी चुकुज हांसदा उर्फ चुनके हांसदा के साथ हुई थी। शादी के बाद रात्रि के लगभग दो बजे दूल्हा-दुल्हन और बारातियों को विदाई दी गई।

सभी बाराती चार बाइक पर सवार होकर आए थे और बाइक से ही रात में पाकुड़िया लौट रहे थे।इस क्रम में दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग एनएच 114 A पर दलदली गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे स्टोन लदे एक हाइवा का पत्थर छिटक कर एक बाराती के चेहरे से जा टकराया। इसके बाद सभी बाराती रुक गए और चोट को देखने लगे।ठीक उसी वक्त दुमका से रामपुरहाट की ओर जा रहा एक खाली ट्रक इन चारों बाइक सवारों को रौंदते हुए निकल गया।इस हादसे में मौके पर ही 45 वर्षीय दुनुस सोरेन की मौत हो गई।

वहीं हादसे के बाद सभी घायल सड़क पर गिरे थे और छटपटा रहे थे।इसके बाद आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।जानकारी मिलने के बाद पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उठाकर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका भेजा।जहां इलाज के क्रम में दुल्हन चुकुज हांसदा की मौत हो गई।

वहीं संतोमुनी मुर्मू, बबलू मुर्मू, विनोद मुर्मू, जोबा हांसदा, हेमान किस्कू का इलाज चल रहा है। घायल जोबा हांसदा मृतका की बहन हैं, जबकि संतोमुनि मुर्मू और बबलू मुर्मू दूल्हे के रिश्तेदार हैं।इधर, घायलों में तीन की स्थिति गंभीर है।जिन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

इस पूरे मामले में शिकारीपाड़ा के थाना प्रभारी अमित लकड़ा ने बताया कि रात में जैसे ही हादसे की खबर मिली पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।उन्होंने बताया कि जानकारी प्राप्त हुई है कि सड़क हादसे में दुल्हन की भी मौत हो गई है।

error: Content is protected !!