हज़ारीबाग:पत्नी को जलाकर मारने के आरोप में राँची से गिरफ्तार पूर्व एसडीओ को भेजा जेल….बोले- हर सिक्के के दो पहलू होते हैं,पहले पहलू पर हुआ बहुत ज्यादा दुष्प्रचार….
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग सदर के पूर्व एसडीओ अशोक कुमार को रविवार की देर शाम राँची के गिरफ्तार किए जाने के बाद आज हजारीबाग कोर्ट में पेश किया गया। इससे पहले उन्हें शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग में शारीरिक जांच के लिए ले जाया गया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में लेते हुए लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा भेज दिया गया।जेल जाने से पहले उन्होंने पहली बार अपना पक्ष मीडिया के सामने रखा। उन्होंने कहा कि इस मामले में सिक्के के दूसरे पहलू को नहीं देखा गया है। हर सिक्के के दो पहलू होते हैं। पहले पहलू पर बहुत ज्यादा दुष्प्रचार हुआ है। वहीं उनके अधिवक्ता राजकुमार राजू ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर जमानत के लिए अर्जी दी जाएगी।
रविवार की देर शाम राँची से गिरफ्तार कर उन्हें हजारीबाग की लोहसिंघना थाना प्रभारी संदीप कुमार की टीम लेकर गई। उन्हें रविवार की रात चरही गेस्टहाउस में रखा गया। इसके बाद सोमवार को उन्हें कोर्ट में पेशा किया गया।
बता दें घटना के बाद 31 जनवरी को हजारीबाग व्यवहार न्यायालय ने अशोक कुमार की अग्रिम जमानत याचिका को खारिज कर दिया था। जिसके बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने को लेकर लगातार प्रयास कर रही थी। इस मामले में हजारीबाग पुलिस पहले ही कोर्ट में पुलिस डायरी जमा कर चुकी है।