दुमका:एक बस और दो हाइवा के बीच हुई टक्कर, कई घायल
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले में दुमका-भागलपुर मुख्य पथ पर तेज रफ्तार से जा रही एक यात्री बस विपरीत दिशा से आ रहे एक हाइवा से जा टकराई।उस हाइवा में पीछे से आ रहे एक दूसरे हाइवा ने भी जोरदार टक्कर मार दी।इस घटना में लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घायलों को इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। घटना रामगढ़ थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार पुष्पांजलि नामक यात्री बस दुमका से गोड्डा जिला की ओर जा रही थी। रास्ते में रामगढ़ थाना क्षेत्र के भंडारो गांव के समीप बस भागलपुर की ओर से दुमका की ओर जा रही एक हाइवा जा टकराई।बस की रफ्तार काफी अधिक बताई जा रही है, इसी कारण वह अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे काफी नीचे चली गई। जबकि दुर्घटनाग्रस्त हाइवा में पीछे से भी आ रहे एक दूसरे हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।कुल मिलाकर तीन वाहनों की टक्कर हुई।इसमें पुष्पांजलि बस के 10 यात्री और हाइवा के चालक और खलासी घायल हुए।
वहीं घटना के बाद चारों ओर चीख-पुकार मच गई। काफी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।उन्होंने घायल यात्रियों को बस से निकला और उनकी मदद की।तत्काल एंबुलेंस को सूचना तो दी, साथ ही कुछ निजी वाहनों से भी घायलों को अस्पताल भेजना शुरू किया।
इस मामले पर रामगढ़ के थाना प्रभारी शशिकांत साहू ने बताया कि बस और दो हाइवा की आपस में टक्कर हुई है।इसमें 10 लोग घायल हुए हैं।जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।उन्होंने स्थानीय लोगों लोगों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने दुर्घटना होते ही लोगों की मदद की और घायलों को अस्पताल भिजवाया।