पति ने अचानक उठाया कुदाल और आंगन में बैठी पत्नी पर ताबड़तोड़ किया हमला,महिला की मौके पर मौत..

 

लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के जुरिया सेमर टोली गांव में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की कुदाल से मारकर हत्या कर दी है।हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी वहीं बैठा रहा। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी सुकरा उरांव को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त कुदाल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। हालांकि अब तक हत्या के पीछे की वजह का खुलासा नहीं हो सका है।

पुलिस से जानकारी के अनुसार रविवार को अंगनी उरांव घर के आंगन ने बैठी थी। इसी दौरान सुकरा उरांव आया और पत्नी अंगनी के गले पर ताबड़तोड़ कुदाल से वार कर दिया। जिससे अंगनी उरांव (35 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद गांव के लोग स्तब्ध हैं।किसी को यह समझ नहीं आ रहा है कि आखिर सुकरा ने ऐसा कदम क्यों उठाया। ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच ना तो झगड़ा हुआ था और ना ही किसी प्रकार का विवाद था।

पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर थाना ले गई है, जहां आरोपी से पूछताछ जारी है।वहीं सुकरा यह नहीं बता पा रहा कि उसने ऐसा कदम क्यों उठाया। पुलिस घटना के पीछे के कारणों की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार अंगनी उरांव ने सुकरा उरांव से दूसरी शादी की थी। अंगनी के पहले पति की मौत हो गई थी। उसके बाद उसने सुकरा से शादी की।हालांकि पहले पति से उसके दो बच्चे हैं।सुकरा से भी उसके दो बच्चे हैं।

वहीं मामले में लोहरदगा एसपी हारिस बिन जमां ने कहा कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। अब तक हत्या की वजह का पता नहीं चल सका है।