हज़ारीबाग के केरेडारी में ग्रामीणों और पुलिस के बीच झड़प,चार जवान घायल,एक रेफर

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के केरेडारी के पांडु में स्थित माइंस के पास गुरुवार को पुलिस और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प हो गयी। इसमें चार पुलिसकर्मी और तीन ग्रामीण चोटिल हुए हैं। चोटिल ग्रामीणों का इलाज स्थानीय स्तर पर करा लिया। वहीं घायल जवानों का केरेडारी स्वास्थ्य केंद्र में इलाज किया जा रहा है। वहीं एक को हजारीबाग रेफर कर दिया गया। जिनका इलाज हजारीबाग आरोग्यम में चल रहा है।

बता दें बड़कागांव विधायक और सरकारी आश्वासन समिति सदस्य अंबा प्रसाद के आह्वान पर गुरुवार से अनिश्चित कालीन हड़ताल और प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। इसे देखते हुए अनुमंडल सदर की ओर से विभिन्न चौक चौराहों पर दंडाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की थी। सूचना के अनुसार ग्रामीण अपनी मांगों के समर्थन में मांइस के अंदर काम कर रहे लोगों को रोकने के लिए मांइस के भीतर जाने के लिए अड़ गए। गेट पर उन्हें जवानों ने रोक दिया। इससे ग्रामीणों और पुलिस में बहस होने लगी। पुलिस की ओर से बताया गया कि इसी बीच किसी ने पत्थर चलाना शुरू कर दिया। इससे ग्रामीणों को पुलिस ने खदेड़ दिया।हालांकि पत्थरबाजी में चार पुलिस जवान घायल हो गए। तीन ग्रामीण भी इलाजरत हैं।

पुलिस जवानों को आनन-फानन में केरेडारी हॉस्पिटल लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को देखते हुए जवान संतोष सिंह को माथा में चोट लगने के कारण हजारीबाग रेफर कर दिया गया। वहीं विनोद यादव,धर्मदेव मेहता, हवलदार नागेंद्र राम को केरेडारी हॉस्पिटल में इलाज किया जा रहा है।

इधर ग्रामीण ने बताया कि पुलिस के डंडे से दो तीन लोग चोटिल हुए हैं। जिसका इलाज गांव में चल रहा है। इस आंदोलन में शामिल संतोष साव पिता चंद्रदेव साव ,पार्वती देवी पति पवन साव और आनंद कुमार पिता राजेश साव को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। वही केरेडारी कोल माइंस के पोटा बसरिया ऑफिस के पास ग्रामीण धरना में बैठे हुए है। वहीं बड़कागांव विधायक अंबा के पिता और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव केरेडारी पहुंच गए हैं। ग्रामीणों के साथ वार्ता की।

बड़कागांव के एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने कहा कि कुछ ग्रामीण माइंस के अंदर जाने के लिए अड़े थे। उन्हें रोकने पर कुछ ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इससे चार जवान चोटिल हुए हैं। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है। सभी पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।