कोडरमा:कुएं से मिला माँ और पांच साल के बच्चे का शव, बेटी भी लापता, परिजनों ने ससुराल वालों पर लगाया आरोप,जांच में जुटी है पुलिस..

कोडरमा।झारखण्ड के कोडरमा जिले के जयनगर थाना क्षेत्र स्थित तरवन में एक 35 वर्षीय महिला और 5 वर्षीय बच्चे का शव कुएं से बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार कुसुम देवी कल दिन में अपने ससुराल से अपने एक बेटे और एक बेटी को साथ लेकर निकली थी। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी और आज सुबह गांव के कुछ लोगों ने बेटे के साथ उनका शव कुएं में देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।पुलिस मौके पर पहुंचकर दोनों के शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, महिला के साथ घर से निकली उसकी बेटी का अबतक कुछ भी पता नहीं चल पाया है।

बता दें कि महिला के पति की मौत साल 2020 में ही हो गई थी। दोनों के तीन बच्चे थे, जिसमें से एक बेटे के साथ महिला का शव कुएं से मिला है।जबकि दूसरा बेटा कुछ दिन पहले ही अपने चाचा और दादी की प्रताड़ना से तंग आकर अपनी मौसी के घर जाकर रहने लगा। महिला के परिजनों का आरोप है कि पति की मौत के बाद से ही कुसुम के साथ मारपीट की जाती थी। उसका देवर और उसकी सास उसे लगातार प्रताड़ित भी करते रहते थे।

परिजनों ने कुसुम और उसके बेटे की हत्या कर दोनों के शव को कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है फिलहाल पुलिस ने दोनों शव को कुएं से बाहर निकाल लिया हैं और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया गया।इसके बाद पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।इधर, घटना के बाद से ही कुसुम के ससुराल वाले फरार हैं।