पूर्व सीएम सह मंत्री चंपाई सोरेन की एस्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त,चालक की मौत, पांच जवान घायल….

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले से टाटा जाने वाले मुख्य मार्ग पर हादसा हुआ है।जिसमें एक पुलिस वाले की मौत हो गई है जबकि 5 पुलिस जवान घायल हैं। हादसे का शिकार पूर्व सीएम सह मंत्री चंपाई सोरेन का एस्कॉर्ट वाहन हुआ है घायल जवानों को पहले सदरस अस्पताल सरायकेला में भर्ती कराया गया है।वहां से बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर भेज दिया गया।

बता दें कि सरायकेला- टाटा मार्ग पर मुडिया गांव के पास मंत्री चंपाई सोरेन की एस्कॉर्ट गाड़ी को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी। जिससे घटनास्थल पर ही चालक विनय कुमार वानसिंह की मौत हो गई,जबकि पांच अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना रात 2:00 बजे के आसपास की बताई जा रही है। सभी जवान मंत्री चंपाई सोरेन को उनके आवास जिलिंगगोडा में छोड़कर पुलिस लाइन लौट रहे थे। मृत जवान चाईबासा जिले के भोया गांव का रहने वाला था। दुर्घटना के बाद एंबुलेंस से सभी घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करते हुए उन्हें जमशेदपुर बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है।मृत चालक के परिवार वाले सदर अस्पताल पहुँच गए हैं।

बता दें कि मंगलवार देर रात मंत्री चंपाई सोरेन दिल्ली से सरायकेला लौटे हैं।वो पहले दिल्ली से कोलकाता पहुंचे।वहां से सड़क मार्ग से सरायकेला के जिलिंगगोला स्थित अपने आवास आए। उन्हें आवास पर छोड़कर देर रात ही उन्हें एस्कॉर्ट कर रहे जवान वापस पुलिस लाइन लौट गए। पुलिस लाइन लौटने के दौरान ही मुडिया गांव के पास उनकी अज्ञात वाहन से टक्कर हो गई, जिससे यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।