संदिग्ध अवस्था में आर्मी जवान की पत्नी की मौत,मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप,पति गिरफ्तार…

बिहार के मुंगेर जिले में एक विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गई। मामला हरपुर थाना क्षेत्र के गनैली गांव का है। विवाहिता के पति ने कहा उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जबकि मृतिका के भाई पिंकू सिंह ने अपनी बहन की हत्या का आरोप उसके पति पर ही लगाया है। भाई ने कहा इनका किसी और से अफेयर भी था। मृतिका की पहचान आर्मी जवान करन सिंह की पत्नी नूतन कुमारी (26) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि आर्मी जवान नागालैंड में कार्यरत है। जो बीते 2 अक्टूबर को छुट्‌टी पर अपने घर आया था।

मृतिका की मां सरिता देवी ने बताया कि नूतन की शादी 2016 में हरपुर थाना क्षेत्र के गनैली गांव निवासी बाघेश्वर सिंह के बड़े पुत्र करन कुमार उर्फ राहुल कुमार के साथ की थी। शादी के बाद से ही करन नूतन को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। और मायके से रूपए मांगने के लिए कहता था। जिससे कुछ महिनों से पति पत्नी में विवाद भी चल रहा था। नूतन फोन पर बताया करती थी कि उसका पति उसको बहुत मारता है।हम लोग दो दिन पहले भी नूतन से मिलने उसके घर गए थे। दामाद करन को समझाने कि कोशिश की तो हम लोगों के साथ उसने मारपीट की। उसने नूतन से बोला यदि तुम अपने मायके वालों से संबंध रखोगी तो जान से मार देंगे। रविवार की सुबह करन ने फोन पर नूतन की मौत की खबर दी। जिस पर हम लोग वहां पहुंचे तो नूतन के शव को एक कमरे में रखा गया था। नूतन के गले में रस्सी के दाग का निशान नजर आ रहा था। शरीर में कई जगह पर चोट के निशान थे। शव को देखने से लगता है कि नूतन ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है।

विवाहिता के मामा ने बताया कि वो हमेशा मेरी भांजी के साथ मारपीट करता था। हमेशा हम लोगों को धमकी देता था। कि मैं आर्मी में हूं मेरा कोई क्या बिगाड़ लेगा। इसमें सारी गलती करन की है। उसी ने उसे मारकर टांग दिया और बोल रहा है कि उसने आत्महत्या की है। इसमें करन की मां या भाई किसी की गलती नहीं है।

मृतिका के पति ने बताया कि मैने अपनी पत्नी की हत्या नहीं की। मैं उससे बहुत प्यार करता था। बल्कि दो दिन पहले मेरे ससुराल वाले ही आकर मेरे घर पर मारपीट की थी। सारा आरोप झूठा है। मैं अपनी पत्नी को पढ़ा रहा था। हम लोगों में कोई बात नहीं थी। शनिवार की रात हम दोनों और एक बेटा बेड पर सोए थे। सुबह चार बजे के करीब छोटे लड़के गीतांशु को बुखार आ गया। नूतन मुझे जगाई और बोली कि गीतांशु को तेज बुखार आ गया है। इसको लेकर दूसरे कमरे में जा रही हूं। वहीं दवा देकर सुला दूंगी आप इसी रूम में सो जाइए। सुबह 06:30 बजे कमरे से बच्चे की रोने की आवाज पर मां ने कमरे का दरवाजा खोलने के लिए खटखटाया। लेकिन अंदर से नूतन की आवाज ना आने पर मां ने हमको जगाया।मैंने भी दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से नूतन ने कोई आवाज नहीं दी। घर के अंदर दीवार के एक छिद्र से झांक कर देखा तो नूतन कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी नजर आई। मैंने इसकी सूचना हरपुर थाने को दी। थाना से पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की उपस्थिति में दरवाजा तोड़ा गया। जिसके बाद फंदे पर लटक रही नूतन के शव को उतारा गया।

इस सम्बंध में एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने बताया कि मृतिका नूतन के भाई के द्वारा थाने में दिए गए आवेदन पर नूतन के पति करन को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

error: Content is protected !!