दुमका में छात्रावास के भीतर नाबालिग बच्चियों से यौन उत्पीड़न का आरोप, वार्डन गिरफ्तार; निदेशक फरार, स्कूल की मान्यता रद्द करने की उठी मांग

 

दुमका। झारखण्ड के दुमका जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां रामगढ़ प्रखंड के जोगिया स्थित एक निजी विद्यालय के छात्रावास में रहने वाली नाबालिग छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न के आरोप ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। बच्चियों की सुरक्षा को लेकर उठे इस सवाल ने न सिर्फ विद्यालय प्रबंधन को कटघरे में खड़ा कर दिया है, बल्कि शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विद्यालय की वार्डन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि नामजद निदेशक इमानुएल मुर्मू फरार बताए जा रहे हैं।

पीड़िता के पिता के बयान पर रामगढ़ थाना में विद्यालय के निदेशक इमानुएल मुर्मू और उनकी सहयोगी सह वार्डन निली अनाकी टुडू उर्फ नीली एक्का के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। शनिवार को पुलिस ने वार्डन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, निदेशक का मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा है। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। पीड़ित बच्चियों को मेडिकल जांच के लिए दुमका ले जाया गया है।

एसडीपीओ ने संभाली जांच की कमान, परिजनों से की पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह शनिवार को रामगढ़ थाना पहुंचे। उन्होंने थाना प्रभारी मनीष कुमार से अब तक की पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली और पीड़ित बच्चियों के परिजनों से भी बातचीत की। थाना प्रभारी ने बताया कि छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार निदेशक के सामने आने और पूछताछ के बाद मामले में कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं।

इधर, घटना के विरोध में शुक्रवार और शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक विद्यालय परिसर तथा रामगढ़ थाना पहुंचे। लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और बच्चियों को न्याय दिलाने की मांग की।

पहले भी लगे थे गंभीर आरोप, ग्रामीणों ने उठाए कई सवाल

इस मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया, जब ग्रामीणों ने विद्यालय के निदेशक पर पूर्व में भी एक शिक्षिका से जुड़े यौन शोषण के आरोप लगने की बात कही। ग्रामीणों ने क्षेत्र की कुछ बच्चियों को बाहर भेजे जाने को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और विद्यालय प्रबंधन की पूर्व गतिविधियों की पड़ताल करने की मांग की है।

जांच में खुली स्कूल की पोल, न सीसीटीवी मिला और न जरूरी रजिस्टर

बच्चियों से कथित यौन उत्पीड़न का मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग भी हरकत में आया। शनिवार को प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी के निर्देश पर बीआरपी नजीसूल हक ने विद्यालय पहुंचकर शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, बच्चों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान कई गंभीर कमियां सामने आईं। विद्यालय प्रबंधन आवश्यक दस्तावेज और रजिस्टर उपलब्ध नहीं करा सका। परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं मिले। विद्यालय भवन की स्थिति बच्चों के अनुकूल नहीं पाई गई। वहीं, छात्रावास में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और पौष्टिकता पर भी सवाल खड़े हुए।

इन खामियों को देखकर बीआरपी ने विद्यालय प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभिभावक फीस देकर अपने बच्चों को विद्यालय के भरोसे छोड़ते हैं। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम नहीं होना बेहद गंभीर लापरवाही है। उन्होंने विद्यालय में तालाबंदी की कार्रवाई करने की बात कही। निरीक्षण के दौरान हॉस्टल प्रभारी अमित हांसदा ने बताया कि विद्यालय में कुल 42 बच्चे नामांकित हैं।

10 हजार नामांकन और 3500 रुपये मासिक फीस, फिर भी सुरक्षा के इंतजाम नदारद!

विद्यालय की व्यवस्था को लेकर अभिभावकों ने भी प्रबंधन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि नामांकन के समय 10 हजार रुपये और प्रत्येक महीने 3500 रुपये फीस वसूली जाती थी। इसके बावजूद बच्चों की सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं का उचित इंतजाम नहीं किया गया।

शनिवार को विद्यालय में मौजूद शिक्षक अमित हांसदा ने अभिभावकों को स्कूल बंद रहने की सूचना दी। इसके बाद अभिभावक अपने-अपने बच्चों को लेकर घर लौट गए। शाम तक विद्यालय में मौजूद शिक्षक भी वहां से चले गए। घटना के बाद विद्यालय में तालाबंदी और बच्चों की पढ़ाई को लेकर अनिश्चितता की स्थिति बन गई है।

स्कूल बंद हुआ तो छह महीने की पढ़ाई पर पड़ेगा असर, अभिभावक चिंतित

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग के साथ अब अभिभावकों के सामने बच्चों के भविष्य का सवाल भी खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि नवंबर समाप्त होने वाला है। ऐसे समय में विद्यालय बंद होने या बच्चों का दूसरे स्कूल में नामांकन कराने से उनकी पढ़ाई प्रभावित हो सकती है। अभिभावकों को आशंका है कि इस पूरी प्रक्रिया में बच्चों की पढ़ाई का करीब छह महीने तक नुकसान हो सकता है।

अभिभावकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग से मांग की है कि बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हो, इसके लिए तत्काल वैकल्पिक शैक्षणिक व्यवस्था की जाए।

फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और स्कूल की मान्यता रद्द करने की मांग

मामले को लेकर भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष रमेश मुर्मू ने घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने, जांच में विद्यालय प्रबंधन की संलिप्तता साबित होने पर स्कूल की मान्यता रद्द करने और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।उन्होंने क्षेत्र के सभी निजी विद्यालयों और छात्रावासों की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग उठाई है, ताकि भविष्य में किसी अन्य बच्चे की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ न हो सके। 

error: Content is protected !!